एयरपोर्ट पर यात्रियों से बदसलूकी और अवैध वसूली नहीं चलेगी
टैक्सी कंपनियों को पुलिस की दोटूक, किराए और सवारी को लेकर विवाद करने वाले चालकों पर होगी कार्रवाई
रायपुर। माना एयरपोर्ट पर टैक्सी सेवा को लेकर यात्रियों की परेशानी दूर करने के लिए पुलिस ने ऑपरेटरों को सख्त हिदायत दी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि एयरपोर्ट पर सवारी बैठाने के लिए आपसी प्रतिस्पर्धा, मनमाना किराया और यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार जैसी गतिविधियों पर रोक लगनी चाहिए। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में रायपुर ग्रामीण एसपी के निर्देश पर एएसपी ने सीएसपी माना कार्यालय में टैक्सी ऑपरेटरों की बैठक आयोजित की। इसमें ओला, उबर, रैपिडो और अन्य परिवहन सेवाओं के संचालक शामिल हुए। बैठक में चालकों को निर्धारित किराया लेने, यात्रियों से विनम्रता बरतने और बुकिंग को लेकर विवाद से बचने की हिदायत दी गई।
तीन साल में मारपीट की कई घटनाएं
माना एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों के बीच सवारी को लेकर विवाद का सिलसिला नया नहीं है। 17 नवंबर को भी एक यात्री को बैठाने के विवाद में दो चालक आपस में भिड़ गए थे। पहले बहस हुई और फिर दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद सीआईएसएफ जवानों ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली।
सितंबर 2024 में भी पार्किंग नंबर-1 के पास टैक्सी चालकों की मारपीट का वीडियो सामने आया था। वहीं जनवरी 2024 में टैक्सी चालकों और ट्रैवल कंपनी के कर्मचारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। इस घटना में एक चालक घायल हुआ था। शिकायत के आधार पर तुराब अली और हरविंदर सिंह के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।
विदेशी पर्यटक ने भी की थी अतिरिक्त किराया मांगने की शिकायत
नवंबर 2026 में इटली की डीजे ओली एस्से ने रायपुर में रैपिडो से यात्रा के दौरान अतिरिक्त पैसे मांगने का आरोप लगाया था। उनके मुताबिक, ऐप पर किराया 281 रुपए दिखाया गया था, लेकिन चालक ने 500 रुपए और मांगे। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कंपनी का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए संबंधित चालक पर कार्रवाई की मांग की थी।
यात्रियों की सुविधा से समझौता नहीं
पुलिस ने टैक्सी कंपनियों को निर्देशित किया है कि वे अपने चालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करें। यात्रियों को बुकिंग के समय तय किराए से अधिक राशि देने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। साथ ही सवारी बैठाने को लेकर किसी तरह का विवाद या दबाव नहीं बनाया जाए। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने पर संबंधित चालक और ऑपरेटर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
suntimes 