कुम्हारी में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, अर्धनग्न अवस्था में मिला शव

पुलिस ने हत्या की आशंका से किया इनकार, हार्ट अटैक से मौत की संभावना; शव की नहीं हो सकी पहचान

कुम्हारी में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, अर्धनग्न अवस्था में मिला शव

दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवक का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला, हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस हार्ट अटैक से मौत की आशंका जता रही है।

दुर्ग-भिलाई | कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत जियो पेट्रोल पंप के पीछे रविवार देर रात एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृत युवक की उम्र लगभग 27 से 30 वर्ष के बीच आंकी गई है। शव अर्धनग्न अवस्था में मिला, युवक की शर्ट खुली हुई थी और बेल्ट भी लगी नहीं थी। वहीं उसके जूते भी उतरे हुए पाए गए। हालांकि, शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर हत्या या मारपीट की आशंका से साफ इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया सामान्य मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। संभावना जताई जा रही है कि युवक की मौत हार्ट अटैक से हुई हो सकती है।

शव की नहीं हो सकी पहचान
कुम्हारी थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है। साथ ही गुमशुदगी के मामलों से भी शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हार्ट अटैक की जताई जा रही संभावना
इस मामले में CSP छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी तरह की आपराधिक गतिविधि सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया कि आशंका है कि युवक वॉशरूम के लिए गया होगा, इसी दौरान उसे हार्ट अटैक आया। संभवतः गर्मी या बेचैनी के कारण उसने शर्ट के बटन खोल दिए और जूते उतार दिए हों। वहीं लेटने के बाद उसकी मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।