खदान प्रभावित गांवों में पहुंचेंगे कांग्रेस प्रभारी, सुखदेव भगत का तीन दिवसीय दौरा कल से

साल्ही में चार कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों के साथ करेंगे चर्चा, अंबिकापुर में संगठन की बैठक लेकर बूथ स्तर पर परखेंगे पार्टी की सक्रियता

खदान प्रभावित गांवों में पहुंचेंगे कांग्रेस प्रभारी, सुखदेव भगत का तीन दिवसीय दौरा कल से

  कोयला खनन परियोजनाओं से प्रभावित ग्रामीणों के मुद्दे अब कांग्रेस के प्रदेश संगठन की प्राथमिकता में शामिल होते दिखाई दे रहे हैं। प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत अपने तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेंगे। उनका प्रमुख कार्यक्रम साल्ही गांव में खदान प्रभावितों के साथ बैठक करना है। इसके अलावा वे जन चौपालों के जरिए कार्यकर्ताओं से संवाद और संगठन की स्थिति की समीक्षा करेंगे।

रायपुर। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत 16 से 18 नवंबर तक छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। उनका दौरा झारखंड के लोहरदगा से शुरू होगा। 16 नवंबर को सड़क मार्ग से छत्तीसगढ़ पहुंचने पर शंख नदी के समीप प्रदेश की सीमा पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।

इसके बाद वे जशपुर जिले के विभिन्न स्थानों का दौरा करेंगे। बालाछापर, पतराटोली, कांसाबेल और पत्थलगांव में निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद मैनपाट में रात्रि विश्राम करेंगे।

कोयला खनन के मुद्दों पर ग्रामीणों से सीधी बातचीत

17 नवंबर को मैनपाट से उदयपुर पहुंचकर वे बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होंगे। इसके बाद ग्राम साल्ही में पीईकेबी, परसा, केते एक्सटेंशन और तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों एवं संबंधित हितधारकों के साथ बैठक करेंगे। इसमें खनन परियोजनाओं के कारण उत्पन्न स्थानीय समस्याओं, ग्रामीणों की मांगों और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा प्रस्तावित है।

सरगुजा संभाग में कोयला खदानों को लेकर लंबे समय से उठ रहे सवालों के बीच इस बैठक को अहम माना जा रहा है। इसके बाद सुखदेव भगत प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के कांटारोली (मेंद्रा) में जन चौपाल में भाग लेंगे। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद वे अंबिकापुर में रात्रि विश्राम करेंगे।

तीसरे दिन राजपुर में करेंगे कार्यकर्ताओं से संवाद

18 नवंबर को अंबिकापुर के राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक होगी। इसमें अंबिकापुर, लुंड्रा और सीतापुर विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद वे बलरामपुर जिले के राजपुर पहुंचेंगे। यहां रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तरीय जन चौपाल कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। शाम को उनका लोहरदगा लौटने का कार्यक्रम है।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

प्रदेश प्रभारी के दौरे में राजनीतिक और संगठनात्मक दोनों पहलुओं को महत्व दिया गया है। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जन चौपाल के जरिए वे कार्यकर्ताओं से सीधे फीडबैक लेंगे। वहीं कोयला खदान प्रभावित ग्रामीणों के साथ बैठक कर क्षेत्रीय समस्याओं और जनभावनाओं को समझेंगे। पार्टी स्तर पर इस दौरे को जमीनी संगठन की सक्रियता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।