भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे भूपेश:असम रवाना होने से पहले किया ट्वीट- 'राहुल गांधी को मिल रहे जनसमर्थन से घबराए हैं बिस्वा'

भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे भूपेश:असम रवाना होने से पहले किया ट्वीट- 'राहुल गांधी को मिल रहे जनसमर्थन से घबराए हैं बिस्वा'

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे। भूपेश बघेल दिल्ली से असम की राजधानी गुवाहाटी पहुंच चुके हैं। वे आज मेघालय में होने वाली यात्रा में शामिल हो सकते हैं। सोमवार को असम में राहुल गांधी को मंदिर में जाने देने से रोकने की जानकारी भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी थी।

दरअसल कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान रविवार 21 जनवरी को असम में राहुल गांधी के साथ धक्कामुक्की हुई। राहुल को बचाते हुए उनके सिक्योरिटी गार्ड उन्हें बस के अंदर वापस ले गए। घटना के दौरान राहुल का काफिला सोनितपुर में था।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा। 

इधर छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल असम की राजधानी गुवाहाटी पहुंच चुके हैं। उन्होंने सोमवार को अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा था कि असम के लिए निकल रहा हूं। उन्होंने असम के सीएम हिमंता बिस्वा शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा था कि वे एक डरपोक प्राणी हैं। इसका अनुभव मैंने असम विधानसभा चुनाव में पर्यवेक्षक के रूप में काम करते हुए ही कर लिया था।

'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' पर हमला और राहुल गांधी को मिल रहे अपार जन समर्थन से घबराकर उन्हें रोकने की कोशिश हिमंता बिस्वा की हताशा और डर को दर्शाता है। भूपेश ने लिखा- आज मैं असम की राजधानी गुवाहाटी में पहुंच रहा हूं, कल 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में शामिल होऊंगा। 

भूपेश बघेल से पहले 14 जनवरी को मणिपुर से यात्रा की शुरुआत के दिन छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत, पूर्व मंत्री शिव डहरिया, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, विधायक देवन्द्र यादव, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम, युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष आकाश शर्मा समेत सैकड़ों नेता पहुंचे।