गोंदिया स्टेशन में ट्रैक अपग्रेडेशन के चलते SECR की 14 ट्रेनें रद्द, कई गाड़ियां आंशिक रूप से प्रभावित

5 से 26 अप्रैल तक रहेगा ब्लॉक, वॉशेबल एप्रन हटाकर बैलेस्टेड ट्रैक बनाया जाएगा

गोंदिया स्टेशन में ट्रैक अपग्रेडेशन के चलते SECR की 14 ट्रेनें रद्द, कई गाड़ियां आंशिक रूप से प्रभावित

बिलासपुर। यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा गोंदिया स्टेशन में महत्वपूर्ण तकनीकी उन्नयन कार्य किया जा रहा है। नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले इस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर वॉशेबल एप्रन को हटाकर बैलेस्टेड ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य के लिए 20 दिनों का ब्लॉक लिया गया है, जिसके चलते 5 अप्रैल से 26 अप्रैल तक कुल 14 ट्रेनों को रद्द किया गया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस अवधि में कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी। शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस (18030) 4 अप्रैल से 24 अप्रैल तक तथा लोकमान्य तिलक टर्मिनल-शालीमार एक्सप्रेस (18029) 6 अप्रैल से 26 अप्रैल तक रद्द रहेगी। वहीं कोरबा-अमृतसर एक्सप्रेस (18237) 5 अप्रैल से 25 अप्रैल तक तथा अमृतसर-बिलासपुर एक्सप्रेस (18238) 7 अप्रैल से 27 अप्रैल तक निरस्त रहेगी।

इसके अलावा हजरत निजामुद्दीन-रायगढ़ एक्सप्रेस (12410) और रायगढ़-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (12409) भी अप्रैल माह की विभिन्न तिथियों में रद्द रहेंगी। लोकमान्य तिलक टर्मिनल-शालीमार (12101) और शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनल (12102) एक्सप्रेस भी निर्धारित तिथियों में प्रभावित रहेंगी। विशाखापत्तनम-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (12807) और हजरत निजामुद्दीन-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस (12808) भी कई तिथियों में रद्द की गई हैं।

लोकल रेल सेवाओं पर भी इसका असर पड़ेगा। बल्लारशाह-गोंदिया मेमू (68815-68816) तथा गोंदिया-कटंगी डेमू (78805-78806) ट्रेनें 5 अप्रैल से 25/26 अप्रैल तक नहीं चलेंगी।

इसके अतिरिक्त कुछ पैसेंजर ट्रेनों को गंतव्य से पहले ही नियंत्रित किया जाएगा। बल्लारशाह-गोंदिया और गोंदिया-बल्लारशाह पैसेंजर ट्रेनों को हिरदामाली स्टेशन तक ही संचालित किया जाएगा। इसी प्रकार बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस (15231) को दुर्ग तक तथा गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस (15232) को दुर्ग तक ही संचालित किया जाएगा, जिससे आगे का सफर रद्द रहेगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए बताया कि यह कार्य भविष्य में बेहतर सुरक्षा, गति और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है। यात्रियों से यात्रा प्रारंभ करने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की गई है।