पैसे, सोना और गड़े धन का लालच…पार्षद का बेटा हुआ ठगी का शिकार, 3 मर्डर के बाद भी नहीं टूटा भ्रम

पैसे, सोना और गड़े धन का लालच…पार्षद का बेटा हुआ ठगी का शिकार, 3 मर्डर के बाद भी नहीं टूटा भ्रम

तंत्र-मंत्र और जादू-टोना जैसे मामले अक्सर ग्रामीण इलाके में सामने आते थे, लेकिन अब राजधानी में काले जादू का मायाजाल फैला है। लोग आसानी से इसके झांसे में आ रहे हैं। कभी पैसों की बारिश का लालच देते हैं, तो कभी रकम कई गुना करके देने का।

तंत्र-मंत्र और जादू-टोना जैसे मामले अक्सर ग्रामीण इलाके में सामने आते थे, लेकिन अब राजधानी में काले जादू का मायाजाल फैला है। लोग आसानी से इसके झांसे में आ रहे हैं। कभी पैसों की बारिश का लालच देते हैं, तो कभी रकम कई गुना करके देने का। भारी जन धन के नुकसान का भय दिखाकर भी ठगी करते हैं। गुढ़ियारी इलाके में एक पार्षद का बेटा भी ऐसे तंत्र-मंत्र के चक्कर में पड़कर ठगी का शिकार हो गया। रकम 100 गुना करने का झांसा देकर दो तांत्रिकों ने 3 लाख से अधिक ठग लिए। गुढ़ियारी पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है मामला

प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले रूस्तम कुर्रे की भिलाई के राहुल भारती से दोस्ती थी। 4 फरवरी को राहुल ने रूस्तम को कॉल किया। इसके बाद उसके घर आया। इस दौरान उसने बताया कि भिलाई में एक तांत्रिक मयंक दास है, जो पैसों को 100 गुना करके देता है। रूस्तम उसकी बातों में आ गया और वह तांत्रिक से रकम 100 गुना करवाने को तैयार हो गया।

इसके बाद अगले दिन राहुल तांत्रिक मयंक दास को लेकर रूस्तम के गुढ़ियारी स्थित उसके ऑफिस पहुुंचा। उसी रात मयंक ने रूस्तम से पूजा-पाठ की सामग्री मंगवाई। फिर ऑफिस में ही तंत्र क्रिया करने की तैयारी की। इसके बाद उसने रूस्तम से रकम मांगी। रूस्तम ने 3 लाख 50 हजार रुपए को 100 गुना करके देने के लिए कहा। इसके लिए उसने 500-500 नोट के 5 बंडल तांत्रिक मयंक को दिए।

अकेले की तंत्र मंत्र क्रिया, नकली नोट देकर हुए फरार

तंत्र क्रिया के समय ऑफिस के भीतर तांत्रिक मयंक ही था। रूस्तम और राहुल को बाहर रहने के लिए कहा। करीब 3 घंटे तक तंत्रमंत्र क्रिया चलती रही। इसके बाद तांत्रिक बाहर आया। उसने रूस्तम को एक थैला दिया और कहा कि इसमें नोट भरे हैं। हम लोग श्मशान घाट की मिट्टी लाने जा रहे हैं। हमारे लौटने के बाद ही इसे खोलना। यह कहकर तांत्रिक मयंक और उसका साथी राहुल चले गए।

इधर काफी देर बाद भी जब दोनों नहीं लौटे, तो रूस्तम ने कॉल किया। राहुल का मोबाइल बंद बताया। इससे रूस्तम को शक हुआ, उसने थैला खोलकर देखा। वह दंग रह गया। थैले में असली नोट के बजाय बच्चों के खेलने वाले नकली नोट के बंडल भरे थे। उसे ठगी का एहसास हुआ। उसने गुढ़ियारी थाने में शिकायत की। पुलिस ने तांत्रिक मयंक और राहुल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मर्डर के बाद भी लोग नहीं हो रहे अलर्ट

दुर्ग के धनोरा निवासी तांत्रिक सुखवंत साहू एक कंप्यूटर सेंटर का संचालक था। रायपुर और धमतरी के तीन युवकों की बेरहमी से हत्या की थी। पहले दो लोगों को उसने तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों की बारिश करने का झांसा दिया था। इसके लिए उनसे पैसा लिया, लेकिन तंत्र-मंत्र क्रिया के बाद भी पैसों की बारिश नहीं हुई। इसके बाद युवकों ने अपना पैसा मांगा, तो उन्हें गंगाजल के स्थान पर साइनाड पिलाकर मार डाला। तीसरे युवक की हत्या मामले का खुलासा होने के डर से किया था। आरोपी युवकों को पैसों की बारिश कराने का लालच दिखाता था।

5 लाख के ढाई करोड़ बनाने का लालच देकर तीन की हत्या

कोरबा में भी तंत्र-मंत्र के जरिए 5 लाख रुपए के तीन करोड़ रुपए बनाने का लालच देकर कबाड़ी अशरफ मेमन के यार्ड में तंत्र-मंत्र क्रिया की गई। इस दौरान अशरफ और उसके दो दोस्तों की तांत्रिक ने हत्या कर दी। इसके बाद फरार हो गया।

गड़ा धन के लिए तांत्रिक से मिलकर डाली डकैती

खरोरा के ग्राम केवराडीह में किसान राधेश्याम भारद्वाज के घर सिपाही, रिटायर्ड हवलदार और अन्य लोगों ने तांत्रिक के साथ मिलकर डकैती डाली थी।आरोपियों को जानकारी मिली थी कि किसान को गड़ा सोना मिला है। इस कारण आरोपी तांत्रिक के साथ उसके घर पहुंचे। गड़ा धन को पाने के लिए तांत्रिक से झरन क्रिया कराने लगे। झरन क्रिया से गड़ा सोना नहीं मिला, तो डकैती करके भाग निकले थे।