रायपुर में दो अवैध ईंधन यार्ड पर छापा: 44 लाख का पेट्रोल-डीजल जब्त, 9 गिरफ्तार, दो मास्टरमाइंड फरार

पिरदा और टेकारी चौक स्थित यार्ड से टैंकर और ड्रमों में भरा हजारों लीटर डीजल-पेट्रोल बरामद, नमूने भेजे गए एफएसएल

रायपुर में दो अवैध ईंधन यार्ड पर छापा: 44 लाख का पेट्रोल-डीजल जब्त, 9 गिरफ्तार, दो मास्टरमाइंड फरार

राजधानी में पुलिस ने अवैध पेट्रोल-डीजल कारोबार का बड़ा जखीरा पकड़ा है। विधानसभा थाना क्षेत्र के रिंग रोड-3 पर पिरदा और टेकारी चौक स्थित दो अलग-अलग यार्डों पर छापेमारी में करीब 44 लाख का पेट्रोल-डीजल जब्त किया गया। कार्रवाई में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दोनों मुख्य संचालक सूरज शाह और उमेश साव मौके से फरार हो गए।

रायपुर। आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना और विधानसभा पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात छापेमारी की। पहला मामला पिरदा चौक का है, जहां सूरज शाह के यार्ड से एक टैंकर और 9 ड्रमों में भरा करीब 1.40 लाख का ईंधन जब्त किया गया। यहां से अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोड़ और रोहित बघेल को गिरफ्तार किया गया।

वहीं टेकारी चौक स्थित उमेश साव के यार्ड से तीन टैंकर और 8 ड्रम मिले। इनमें से दो टैंकरों से कुल 40 हजार लीटर डीजल-पेट्रोल (42.90 लाख रुपए कीमत) बरामद किया गया, जबकि तीसरा टैंकर खाली मिला। मौके से शैलेन्द्र कुमार साव, शेख कलीम उद्दीन, राज पटेल, नीरज नेताम और रवि यादव को पकड़ा गया।

पुलिस ने जब्त ईंधन के नमूने एफएसएल जांच के लिए भेजे हैं। पाइप और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए। अधिकारियों का कहना है कि बिना लाइसेंस इतने बड़े स्तर पर ईंधन संग्रह और बिक्री करना गंभीर अपराध है। दोनों यार्ड मालिकों के खिलाफ विधानसभा थाने में मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।