खास समाचार : नशे में नदी में कूदा युवक, SDRF ने 10 मिनट में बचाई जान

शिवनाथ नदी पुलगांव क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन ड्यूटी पर तैनात SDRF जवानों की सतर्कता से टला हादसा

दुर्गा विसर्जन ड्यूटी पर तैनात एसडीआरएफ (SDRF) टीम ने शिवनाथ नदी में डूबने से एक युवक की जान बचाई। शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे नशे में धुत युवक पुल से नदी में कूद गया था। मात्र 10 मिनट चले रेस्क्यू अभियान में SDRF और नगर सेना के जवानों ने मोटरबोट और रोप की मदद से युवक को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया।

दुर्ग। पुलिस अधीक्षक के आदेश और जिला सेनानी अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन पर थाना पुलगांव क्षेत्र अंतर्गत शिवनाथ नदी गुरुद्वारा के पास SDRF टीम को दुर्गा विसर्जन ड्यूटी में तैनात किया गया था। इसी दौरान शुक्रवार रात लगभग 1:30 बजे पुल से गिरने जैसी आवाज सुनाई दी।

ड्यूटी पर मौजूद SDRF के जवान विनय कुमार यादव (क्रमांक 290), गोपी पाटिल (63) और नगर सेना के जवान डिव्हार देशमुख तत्काल मोटरबोट से मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि भिलाई निवासी 27 वर्षीय खुशवंत सिंह शराब के नशे में नदी में कूद गया था।

जवानों ने तत्परता दिखाते हुए लाइव ब्वॉय और रोप की मदद से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द किया। रेस्क्यू के दौरान SDRF टीम के किसी जवान को कोई शारीरिक या मानसिक क्षति नहीं पहुंची। अधिकारियों ने जवानों की सराहना की है।