छत्तीसगढ़ के 22 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट: मौसम हुआ बेकाबू, तापमान में तेजी से इज़ाफा

छत्तीसगढ़ के 22 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट: मौसम हुआ बेकाबू, तापमान में तेजी से इज़ाफा

कांकेर-सुकमा में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, बिजली गिरने का खतरा; रायपुर में मानसून की एंट्री अब तक नहीं

छत्तीसगढ़ में मौसम ने फिर करवट ली है। सिनॉप्टिक सिस्टम में बदलाव के चलते जहां एक ओर गर्मी अपना रंग दिखा रही है, वहीं दूसरी ओर राज्य के 22 जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। तापमान में 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी संभावित है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और सताएगी।

रायपुर। प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। बस्तर तक दस्तक देने के बाद मानसून पिछले चार दिनों से स्थिर बना हुआ है। वहीं राज्य के कई हिस्सों में गर्म हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी के साथ मौसम विभाग ने रायपुर, जशपुर, कांकेर, सुकमा सहित 22 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

तापमान में बढ़ोतरी, लू का खतरा बढ़ा
बारिश न होने की वजह से प्रदेश के अधिकतर इलाकों में पारा चढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि औसतन तापमान में 2 से 4 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। बीते 24 घंटे में बिलासपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मई में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, अब गर्मी ने ली वापसी
आमतौर पर मई का महीना छत्तीसगढ़ में लू और सूखे मौसम के लिए जाना जाता है, लेकिन इस साल बंगाल की खाड़ी, अरब सागर और अन्य तटीय राज्यों से लगातार 24 तरह के मौसमीय सिस्टम बनने के कारण छत्तीसगढ़ में सामान्य से 360% ज्यादा बारिश दर्ज की गई।

इस मौसमीय असामान्यता के चलते दिन के तापमान में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई। लेकिन अब मानसून के ठहराव और सिस्टम के कमजोर पड़ने के चलते प्रदेश में उमस और गर्मी दोनों की वापसी हो रही है।

रायपुर और उत्तर छत्तीसगढ़ में मानसून का इंतजार
बस्तर और गरियाबंद में मानसून की एंट्री हो चुकी है, लेकिन रायपुर समेत मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ अब भी इसके इंतजार में हैं। आने वाले कुछ दिन राज्य के लिए गर्मी और उमस भरे रह सकते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून आगे बढ़ेगा लेकिन इसकी गति फिलहाल धीमी है।