छत्तीसगढ़ में निकली सेवा ज्योति यात्रा, CM साय ने प्रज्ज्वलित की मशाल
प्रदेश के 38 स्थानों पर बनेंगे सेवा ज्योति चौक, तेलीबांधा चौक को मिलेगा नया स्वरूप; भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया विकसित भारत-2047 का संकल्प
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से देशभर में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के सभी सांगठनिक जिलों में बुधवार को एक साथ सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। नेता, मंत्री और भाजपा कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर यात्रा में शामिल हुए।
राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मशाल प्रज्ज्वलित कर यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सेवा और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश में 38 स्थानों पर सेवा ज्योति चौक विकसित किए जाएंगे। वहीं तेलीबांधा चौक को सेवा ज्योति संकल्प चौक के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को विकसित भारत-2047 के निर्माण में योगदान देने का संकल्प भी दिलाया गया।
ओपी चौधरी बोले- 25 साल की यात्रा सेवा को समर्पित
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई नरेंद्र मोदी की मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष की यात्रा सेवा को समर्पित रही है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शहर में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जा रही है।
श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया गौरव का अवसर
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों तक बिना थके और बिना रुके देश के विकास के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि देश अपनी पुरानी विरासत और संस्कृति को फिर से स्थापित करते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
बिलासपुर में साव ने संभाली मशाल
बिलासपुर में सेवा ज्योति यात्रा बहतराई स्थित स्टेडियम से शुरू हुई। यात्रा में जिले के विभिन्न मंडलों से भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के बाद सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। इसके बाद कार्यकर्ता मशाल लेकर यात्रा में निकले। यात्रा बहतराई स्टेडियम से शुरू होकर सरकंडा स्थित जिला खेल परिसर में समाप्त हुई। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा विधायक, संगठन पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मनेंद्रगढ़ में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मशाल प्रज्ज्वलित की। प्रदेश के अन्य सांगठनिक जिलों में भी इसी तरह सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया।
suntimes 