टिकरापारा में युवक पर चाकू से हमला, हिस्ट्रीशीटर आर्यन ठाकुर गिरफ्तार
देर रात मामूली विवाद के बाद किया जानलेवा हमला, पुलिस ने कुछ घंटों में आरोपी को दबोचा
रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा क्षेत्र में देर रात हुई चाकूबाजी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। मामूली विवाद के बाद हिस्ट्रीशीटर युवक ने एक व्यक्ति पर धारदार चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित साहू मोहल्ला हनुमान मंदिर के पास की है। पुलिस के अनुसार घायल युवक बलराज शर्मा अपने दोस्त के घर गया हुआ था। देर रात भोजन करने के बाद वह घर के बाहर खड़ा होकर बीड़ी पी रहा था। इसी दौरान आरोपी आर्यन ठाकुर उर्फ हिमेंद्र ठाकुर वहां पहुंचा और युवक से विवाद करने लगा।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने युवक से पूछताछ करते हुए कहा, “यहां क्यों खड़ा है, चोरी करने आया है क्या?” विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू निकाल लिया।
आरोप है कि आर्यन ठाकुर ने युवक के पेट पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन बचाव के दौरान बलराज शर्मा के हाथ और कलाई में गंभीर चोट आई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने मुखबिरों की सूचना पर आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे का धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आर्यन ठाकुर उर्फ हिमेंद्र ठाकुर (20) निवासी यादव मोहल्ला, टिकरापारा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में बढ़ती चाकूबाजी और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है। साथ ही हिस्ट्रीशीटर बदमाशों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
suntimes 