ठंड से कांपते लड़के को युवक ने पहुंचाई मदद:रायपुर में सूचना देने वाले जैद अली का होगा सम्मान.....

ठंड से कांपते लड़के को युवक ने पहुंचाई मदद:रायपुर में सूचना देने वाले जैद अली का होगा सम्मान.....

रायपुर. रायपुर में ठंड से कांप रहे घायल लड़के की मदद करने वाले युवक जैद अली को गणतंत्र दिवस के दिन जिला प्रशासन सम्मानित करेगा। मंगलवार रात तेलीबांधा ओवर ब्रिज के नीचे रात के वक्त एक लड़का ठंड से कांप रहा था। जैद की सूचना पर कलेक्टर गौरव सिंह खुद मौके पर पहुंचे और लड़के को समाज कल्याण विभाग के आश्रय स्थल भिजवाया। साथ ही उसे दवा, कंबल और खाने का सामान पहुंचाने के निर्देश दिए।

महासमुंद के रायकेरा गांव का भूषण ध्रुव भटक कर रायपुर पहुंच गया था। रात के समय तेलीबांधा ओवर ब्रिज के नीचे वो ठिठुर रहा था तभी वहां से घर लौट रहे जैद अली की नजर उस पर पड़ी। जैद अपने स्तर मदद पहुंचाने के लिए अपने दोस्त पंकज से मदद मांगी। जिसके बाद पंकज ने बच्चे की जानकारी रायपुर स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को दी।जानकारी मिलने पर कलेक्टर गौरव कुमार भी मौके पर पहुंचे उन्होंने भूषण से बात की तो डरा सहमा बालक खुद को सिरपुर के पास रायकेरा का निवासी बताया। कलेक्टर ने फिर भूषण की जानकारी महासमुंद कलेक्टर प्रभात मलिक को दी। लड़के के परिवार वालों को उसके सकुशल होने की जानकारी दे दी गई है।

कलेक्टर ने इस बालक की मदद के लिए जिला प्रशासन को सूचना देने वाले जैद की पीठ थपथपाई और गणतंत्र दिवस पर उसे सेवा कार्य में योगदान के लिए रायपुर जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित करने की बात कही। रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार ने लोगों से भी अपील की है कि घायल, दुर्घटनाग्रस्त राहगीरों और आम नागरिकों की मदद करने पीछे न रहे। अपने स्तर पर मदद करें और प्रशासन को भी इसकी जानकारी दें।