छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का पुलिस कैंप पर हमला, घास से बनी पोशाक पहनकर 8 दिन पहले पहुंचे थे...

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का पुलिस कैंप पर हमला, घास से बनी पोशाक पहनकर 8 दिन पहले पहुंचे थे...

छत्तीसगढ़ के बीजापुर-सुकमा बॉर्डर पर स्थित धर्मावरम पुलिस कैंप के पास से जवानों ने करीब 300 BGL (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) के जिंदा सेल बरामद किए हैं। नक्सलियों ने 16 जनवरी को करीब एक हजार BGL कैंप पर ​​​​​दागे थे। अब इस हमले का वीडियो सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों ने ये हमला कैंप को लूटने की नीयत से किया था। जवाबी कार्रवाई में कोबरा की 204वीं और सीआरपीएफ की 151वीं बटालियन के जवानों ने 3 नक्सलियों को मार गिराया था। इसकी पुष्टि तीन दिन पहले नक्सलियों ने प्रेस नोट जारी कर की थी। बताया जा रहा है कि पुलिस कैंप के अंदर घुसने के लिए नक्सलियों ने जंगली घास से बने विशेष पोशाक पहने थे। केबल कटर से कैंप की सुरक्षा के लिए घेरे गए तार को काटकर वे अंदर दाखिल होना चाहते थे। नक्सलियों ने पूरे इलाके में जगह-जगह IED भी लगा रखा था।

21 जनवरी को नक्सली प्रवक्ता समता ने प्रेस नोट जारी कर कहा था कि, कैंप पर PLGA ने हमला किया था। पुलिस की गोली लगने से उनके साथी करटम देवा, मड़कम देवा, मुचाकी चंदा की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं उन्होंने कई जवानों को मारने और घायल करने का भी दावा किया था।उसी रात नक्सली अपने तीनों साथियों के शवों को अपने साथ लेकर चले गए थे। जिसके बाद बस्तर के ही जंगलों में मारे गए इन तीनों नक्सलियों के शवों का अंतिम संस्कार भी कर दिया था। इन पर कितने रुपए का इनाम था, कौन-कौन सी बड़ी घटनाओं में शामिल थे अभी यह स्पष्ट नहीं है।