तड़के 5 बजे कारोबारियों के ठिकानों पर पहुंची IT की टीमें
रायगढ़ में रायगढ़ इस्पात-बर्बरीक ग्रुप पर फोकस, बर्बरीक हाउस समेत चार स्थानों पर छानबीन; तीन अन्य जिलों में भी दबिश
रायगढ़। प्रदेश में आयकर विभाग की कार्रवाई से कारोबारी जगत में हलचल मच गई है। बुधवार सुबह करीब 5 बजे विभाग की टीमें रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों के परिसरों में पहुंचीं। बर्बरीक हाउस सहित चार ठिकानों पर अधिकारियों की जांच जारी है। कार्रवाई के दौरान कारोबारी प्रतिष्ठानों के दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।
बताया जा रहा है कि रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप के बीच कारोबारी संबंध हैं। दोनों समूह एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और साथ मिलकर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करते हैं। इसी वजह से उनसे संबंधित अलग-अलग फर्मों को जांच के दायरे में लिया गया है।
लेन-देन और कारोबारी रिकॉर्ड खंगाल रही टीमें
कार्रवाई के दौरान आयकर अधिकारियों ने फर्मों के दस्तावेज, वित्तीय लेन-देन, आय-व्यय के रिकॉर्ड और कारोबारी गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाई। सूत्रों के अनुसार, कर चोरी की आशंका के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। जांच में पुराने वित्तीय रिकॉर्ड और कारोबार से संबंधित दस्तावेजों का मिलान भी किया जा सकता है।
रायपुर-बिलासपुर में भी कार्रवाई की सूचना
आयकर विभाग का यह अभियान केवल रायगढ़ तक सीमित नहीं है। रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में भी अलग-अलग कारोबारी ठिकानों पर दबिश दिए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन स्थानों पर कार्रवाई से जुड़े प्रतिष्ठानों और जांच के दायरे को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है।
फिलहाल आयकर विभाग ने कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि विभाग को क्या तथ्य मिले हैं और आगे किस तरह की कार्रवाई की जाएगी।
suntimes 