दुर्ग में रफ्तार का कहर, हादसे में 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शुरू की जांच

दुर्ग में रफ्तार का कहर, हादसे में 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

दुर्ग। जिले के पाटन थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही मोटरसाइकिल ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 फरवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे ग्राम तर्रा के पास यह हादसा हुआ। स्कूटी सवार मुरलीधर दिवान (64 वर्ष), निवासी जामगांव, अपने काम से लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को तत्काल रायपुर के ग्लोबल स्टार हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन रात करीब 10:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान गवाहों के बयान और घटनास्थल के निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि मोटरसाइकिल क्रमांक CG07DA1755 का चालक नवीन कुमार यादव (36 वर्ष), निवासी केलाबाड़ी, दुर्ग, तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था।

पाटन पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।