दुर्ग में राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का भव्य उत्सव, मंत्री गजेंद्र यादव रहे मुख्य अतिथि

10वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम रविशंकर स्टेडियम दुर्ग में आयोजित

  • ‘रन फॉर आयुर्वेदा’ के जरिए आमजन को आयुर्वेद और योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प
  • कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी और आयुष विभाग के कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल

आयुष मंत्रालय भारत सरकार के आह्वान पर 23 सितम्बर 2025 को पूरे देश में 10वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाया गया। इसी कड़ी में दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि, ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर अध्यक्ष, महापौर अलका बाघमार विशेष अतिथि और कलेक्टर अभिजीत सिंह मौजूद रहे।

दुर्ग। मंगलवार को दुर्ग जिले में राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का उत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रविशंकर स्टेडियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि, ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर अध्यक्षता, महापौर अलका बाघमार विशेष अतिथि और कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘रन फॉर आयुर्वेदा’ से हुई, जिसका उद्देश्य लोगों को आयुर्वेद और योग के महत्व से जोड़ना था। आयुष मंत्रालय भारत सरकार एवं संचालनालय, आयुष छत्तीसगढ़ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का मार्गदर्शन और निवेदन जिला आयुष अधिकारी दुर्ग ने किया।

आयोजकों ने बताया कि कोरोना काल के बाद से लोगों में आयुर्वेद और योग को लेकर भरोसा और विश्वास पहले से कहीं अधिक बढ़ा है। इस पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को जन-जन तक पहुँचाना और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना ही इस आयोजन का मूल उद्देश्य है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री गजेंद्र यादव, महापौर अलका बाघमार, कलेक्टर अभिजीत सिंह और आयुष विभाग के अधिकारियों ने आयुर्वेद को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।