पावर बैंक ब्लास्ट के बाद यूट्यूबर शिवानी कपिला का छलका दर्द, लाखों की संपत्ति और सिल्वर प्ले बटन भी जलकर हो गया राख
पावर बैंक ब्लास्ट के बाद यूट्यूबर शिवानी कपिला का रो-रोकर बुरा हाल है। हाल ही में उनके फ्लैट में तेज आग फैल गई जिसके बाद उनकी लाखों की संपत्ति जलकर खाक हो गई।
सोशल मीडिया पर अपने मजेदार कंटेंट से लाखों लोगों का मनोरंजन करने वाली कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर शिवानी कपिला इन दिनों एक दर्दनाक हादसे की वजह से चर्चा में हैं। सूरत स्थित उनके घर में एक चार्जिंग पावर बैंक में हुए धमाके ने देखते ही देखते पूरे कमरे को आग की लपटों में बदल दिया। इस हादसे में उनके वर्षों की मेहनत से कमाई गई लाखों रुपये की संपत्ति, यूट्यूब के सिल्वर प्ले बटन और कई निजी यादें हमेशा के लिए राख हो गईं।
शिवानी कपिला ने हादसे पर की बात
हाल ही में एक इंटरव्यू में शिवानी कपिला ने उस रात का दर्द साझा करते हुए लोगों से एक महत्वपूर्ण अपील भी की। उन्होंने कहा कि यह हादसा किसी के भी साथ हो सकता है, इसलिए इसे सिर्फ एक घटना नहीं बल्कि एक चेतावनी के रूप में देखा जाना चाहिए।
अगर उस रात सिरहाने रखा होता तो शायद हम जिंदा नहीं बचते'
शिवानी कपिला ने बताया कि हादसे से ठीक एक रात पहले उन्होंने वही पावर बैंक अपने सिरहाने चार्जिंग पर लगाकर रखा था। अगर उस समय ब्लास्ट हुआ होता तो शायद परिवार का कोई सदस्य बच नहीं पाता। उन्होंने कहा कि इस बात को याद करके आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
उनके मुताबिक, पावर बैंक चार्जिंग के करीब 15 मिनट बाद ही फट गया और कुछ ही सेकंड में कमरे में भीषण आग फैल गई।
मैनेजर की मौजूदगी से टला बड़ा हादसा
शिवानी ने बताया कि उस समय किस्मत ने उनका साथ दिया। संयोग से उनके मैनेजर किसी दूसरे काम से घर पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने कमरे से धुआं निकलते देखा, तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। हालांकि शुरुआती प्रयासों के बावजूद आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि उस पर काबू पाना आसान नहीं था। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
राख हो गई मेहनत की कमाई
इस आग ने सिर्फ घर का सामान ही नहीं जलाया, बल्कि शिवानी की कई अनमोल यादें भी छीन लीं। उनके महंगे कपड़े, एक्सेसरीज़, बेटी के बचपन से जुड़ी चीजें, फर्नीचर और यूट्यूब के सिल्वर प्ले बटन भी आग की भेंट चढ़ गए। यहां तक कि कमरे में लगा एयर कंडीशनर भी भीषण गर्मी के कारण पूरी तरह पिघल गया।
शिवानी ने कहा कि उन्होंने मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर वर्षों की मेहनत के बाद अपने सपनों का घर बनाया था, लेकिन एक छोटी सी लापरवाही ने सब कुछ खत्म कर दिया।
लोगों को दी बड़ी सलाह
इस दर्दनाक अनुभव के बाद शिवानी कपिला ने सभी लोगों से अपील की कि मोबाइल, पावर बैंक या किसी भी बैटरी वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को कभी भी बेड पर या सिरहाने चार्जिंग पर न रखें।
उन्होंने कहा कि बचपन से उनके माता-पिता उन्हें फोन और चार्जिंग डिवाइस को सोने की जगह से दूर रखने की सलाह देते थे, लेकिन उन्होंने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया। अब उन्हें इसकी बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ी। शिवानी का कहना है कि अगर उनकी कहानी सुनकर एक भी परिवार सावधान हो जाता है, तो शायद भविष्य में किसी और को इस तरह का नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा।
suntimes 