पीएम आवास योजना के नाम पर 14 लाख की ठगी करने वाला आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार
दो साल से फरार था मास्टरमाइंड, सुपेला पुलिस की टीम ने बरगढ़ से दबोचा
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का झांसा देकर हितग्राहियों से 14 लाख 4 हजार रुपये की ठगी करने वाला फरार आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सुपेला थाना पुलिस ने आरोपी मो. मकसूद को ओडिशा के बरगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है।
भिलाई। सुपेला पुलिस ने दो वर्षों से फरार चल रहे धोखाधड़ी के आरोपी को धरदबोचा है। आरोपी मो. मकसूद, जो प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का लालच देकर कई हितग्राहियों से कुल 14 लाख 4 हजार रुपये ठग चुका था, को पुलिस ने ओडिशा के बरगढ़ से गिरफ्तार किया है।
मामला वर्ष 2023 का है, जब प्रार्थी राकेश चौसरे और अन्य हितग्राही रतना वर्मा, रजनी मनीकपुरी, लोम सिंह पटेल, सरिता घोड़े और रमेश खंडारे से आरोपीगण ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर ठगी की थी। इस पर सुपेला थाना में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। इससे पहले इस मामले में आरोपी ज्योति सोनी, रेसमा खातून, शाहिद खान और राहुल राय के खिलाफ चार्जशीट न्यायालय में पेश की जा चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी मो. मकसूद ने पुलिस पूछताछ में ठगी की रकम में से 2 लाख 50 हजार रुपये प्राप्त कर खर्च करने की बात स्वीकार की है। आरोपी को बुधवार 3 सितंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय यादव, सउनि पूरण साहू, संतोष मिश्रा और आरक्षक गंभीर जाट की विशेष भूमिका रही।
suntimes 