बाइक पर केबल की गठरी लेकर निकल रहे थे आरोपी, सीआईएसएफ ने बीएसपी गेट के पास पकड़ा

प्लांट परिसर से दो बार में 100 किलो कॉपर केबल चोरी करने का प्रयास, पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया, एक नाबालिग भी पकड़ाया

बाइक पर केबल की गठरी लेकर निकल रहे थे आरोपी, सीआईएसएफ ने बीएसपी गेट के पास पकड़ा

दुर्ग-भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट में चोरी की एक बड़ी कोशिश सुरक्षा बल की सतर्कता से नाकाम हो गई। प्लांट के भीतर से स्क्रैप कॉपर केबल निकालकर बाइक से बाहर ले जाने की तैयारी कर रहे आरोपियों को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने पकड़ लिया। दो अलग-अलग घटनाओं में करीब 100 किलो केबल चोरी करने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।

भिलाई स्टील प्लांट के भीतर से कीमती कॉपर केबल चोरी करने के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोपी प्लांट परिसर में अलग-अलग जगहों से स्क्रैप केबल जुटाकर उसे गठरी में बांध रहे थे। उनकी योजना बाइक के माध्यम से चोरी का सामान बाहर ले जाने की थी, लेकिन परिसर की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने समय रहते उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को सीआईएसएफ ने चोरी से जुड़े दो अलग-अलग मामलों की शिकायत दर्ज कराई थी। पहले मामले में 60 किलो और दूसरे मामले में 40 किलो स्क्रैप कॉपर केबल ले जाने की कोशिश की गई थी। सुरक्षा बल ने दोनों घटनाओं में शामिल लोगों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया।

100 किलो केबल और बाइक बरामद

पुलिस ने जांच और पूछताछ के बाद कुल 100 किलो कॉपर केबल जब्त की है। बरामद केबल का अनुमानित मूल्य 96 हजार 100 रुपए बताया गया है। इसके साथ ही चोरी में इस्तेमाल की जा रही एचएफ डीलक्स बाइक क्रमांक CG 07 BP 5037 भी पुलिस ने जब्त की है। बाइक की कीमत करीब 10 हजार रुपए आंकी गई है।

प्लांट के भीतर ही तैयार की जा रही थी चोरी की गठरी

जांच में चोरी का तरीका भी सामने आया है। आरोपी बीएसपी परिसर में प्रवेश करने के बाद अलग-अलग स्थानों से केबल एकत्र करते थे। इसके बाद सभी केबल को एक जगह लाकर गठरी तैयार की जाती थी। इसे बाइक पर लादकर बाहर ले जाने की योजना थी। लेकिन सुरक्षा बल की निगरानी के चलते आरोपी अपनी योजना को अंजाम नहीं दे सके।

पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गेश जोशी (18), अजय सोनवाने (18), जोसेफ बाघ (32) और हितेष कुमार देशमुख (24) के रूप में हुई है। दुर्गेश और अजय स्टेशन मरोदा के रहने वाले हैं, जबकि जोसेफ बाघ उतई क्षेत्र के जोरातराई और हितेष कुमार देशमुख बालोद जिले के खप्पड़वाड़ा का निवासी है। इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने दोनों प्रकरणों में कार्रवाई आगे बढ़ा दी है।