बारिश-चक्रवात ने फसल को पहुंचाया नुकसान तो न करें देर, 72 घंटे में दर्ज कराएं दावा
कटाई के बाद खेत में रखी फसल को नुकसान होने पर 14 दिन की मोहलत, सर्वे के बाद खाते में पहुंचेगी बीमा राशि
जगदलपुर। मौसम की मार से फसल को नुकसान होने की स्थिति में बस्तर के किसानों के लिए कृषि विभाग ने जरूरी एडवाइजरी जारी की है। खेत में खड़ी फसल हो या कटाई के बाद खेत में रखी उपज, प्राकृतिक आपदा से नुकसान होने पर किसान बीमा योजना का लाभ ले सकते हैं। हालांकि इसके लिए नुकसान की सूचना तय समय सीमा में देना जरूरी है। खड़ी फसल के नुकसान की जानकारी 72 घंटे के भीतर और कटाई के बाद खेत में रखी फसल के नुकसान की सूचना 14 दिनों के अंदर दर्ज करानी होगी।
बस्तर में बेमौसम बारिश, चक्रवात और अतिवृष्टि के कारण फसल प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों से सतर्क रहने और नुकसान की स्थिति में तत्काल सूचना देने कहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्राकृतिक आपदा से प्रभावित फसलों के लिए बीमा क्लेम की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा में सूचना मिलने के बाद ही शुरू होगी।
किसान अपनी फसल को हुए नुकसान की जानकारी टोल फ्री नंबर 14447 पर दर्ज करा सकते हैं। इसके साथ ही क्रॉप इंश्योरेंस ऐप और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के पोर्टल pmfby.gov.in के जरिए भी सूचना देने की सुविधा उपलब्ध है।
करपा को भी मिलेगा बीमा का लाभ
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि कटाई के बाद खेत में रखी फसल यानी करपा को यदि बेमौसम बारिश या चक्रवात से नुकसान पहुंचता है तो ऐसी स्थिति में भी किसान बीमा लाभ के लिए दावा कर सकते हैं। इसके लिए कटाई की तारीख से अधिकतम 14 दिनों के भीतर नुकसान की सूचना देना आवश्यक होगा। इसी तरह अतिवृष्टि से खेत में पानी भरने और फसल खराब होने पर भी किसान क्लेम प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
नुकसान बताते समय ये दस्तावेजी जानकारी रखें तैयार
क्लेम दर्ज कराते समय किसान को नाम, मोबाइल नंबर, गांव, खसरा नंबर, बीमित फसल, पॉलिसी नंबर, नुकसान का कारण और क्षति की तारीख की जानकारी देनी होगी। विभाग को सूचना मिलने के बाद 48 घंटे के भीतर सर्वेयर नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। विभागीय प्रक्रिया के अनुसार 10 दिनों में सर्वे और इसके बाद दावा राशि किसान के बैंक खाते में भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
मैदानी अमले को किसानों की मदद के निर्देश
उप संचालक कृषि ने विभागीय अधिकारियों और मैदानी अमले को निर्देश दिए हैं कि योजना की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाई जाए। इसके लिए गांवों में कृषक समूहों, ग्राम पंचायतों और सहकारी समितियों की मदद ली जाएगी। प्रभावित किसानों को नुकसान की सूचना दर्ज कराने से लेकर क्लेम प्रक्रिया तक आवश्यक सहयोग देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
किसान किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए अपने क्षेत्र के कृषि विस्तार अधिकारी अथवा उप संचालक कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
suntimes 