भिलाई-चरोदा के विद्युत लोको शेड में भीषण आग, वेस्ट मटेरियल जलकर खाक
मालगाड़ी से निकले नीलामी योग्य स्क्रैप में लगी आग दमकल की चार गाड़ियां मौके पर, आग बुझाने का प्रयास जारी जनहानि नहीं, लेकिन भारी नुकसान की आशंका
दुर्ग जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। भिलाई के चरोदा स्थित विद्युत लोको शेड परिसर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे वेस्ट मटेरियल क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई-चरोदा क्षेत्र में स्थित विद्युत लोको शेड में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नीलामी के लिए रखे गए वेस्ट मटेरियल में अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह वेस्ट मटेरियल मालगाड़ी से निकला स्क्रैप था, जिसे लोको शेड परिसर में संग्रहित किया गया था।
आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे क्षेत्र को चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को अलर्ट किया गया, जिसके बाद मौके पर दमकल की चार गाड़ियां भेजी गईं।
दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन नीलामी के लिए रखा गया वेस्ट मटेरियल पूरी तरह जलकर खाक हो गया है, जिससे आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आग पर नियंत्रण के प्रयास जारी हैं और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
suntimes 