भिलाई में बर्थडे पार्टी बना बवाल, बीजेपी नेता और युवकों के बीच मारपीट; थाने में भी हंगामा
घर के सामने टूटी बीयर बोतल को लेकर शुरू हुआ विवाद, समझौते की बातचीत के दौरान थाने में भी दोनों पक्ष आमने-सामने आए
दुर्ग-भिलाई। भिलाई के छावनी क्षेत्र में जन्मदिन पार्टी के दौरान हुआ विवाद बुधवार देर रात बड़े बवाल में बदल गया। बीजेपी कैंप-1 मंडल कोषाध्यक्ष राजेश चौधरी और कुछ युवकों के बीच बीयर की बोतल टूटने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। बाद में समझौते की कोशिश के दौरान छावनी थाने में भी दोनों पक्ष भिड़ गए।
जानकारी के मुताबिक, घटना 20 मई की रात की है। एक जन्मदिन पार्टी के दौरान युवक दीपक पासी बीयर लेकर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक राजेश चौधरी के घर के सामने फिसल गई, जिससे बीयर की बोतल टूट गई। आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और मामला गाली-गलौज व मारपीट तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच हाथ-मुक्कों, डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया। मारपीट में कई लोगों को चोटें आई हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं।
दीपक पासी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि राजेश चौधरी और उनके भाई ने विवाद के दौरान हमला किया। बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त सुजीत गुप्ता पर लोहे की रॉड से वार किया गया, जिससे उसके सिर और हाथ में चोट आई।
वहीं बीजेपी नेता और पूर्व सैनिक राजेश चौधरी ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि घर के सामने बोतल टूटने के बाद उन्होंने केवल सफाई करने को कहा था, लेकिन इसके बाद युवक आक्रामक हो गए। आरोप है कि कुछ देर बाद युवक अपने साथियों के साथ लौटे और हमला कर कार का कांच भी तोड़ दिया।
देर रात दोनों पक्ष समझौते के लिए छावनी थाने पहुंचे थे। इसी दौरान बीजेपी मंडल उपाध्यक्ष गुरुचरण बग्गा के कथित गाली-गलौज करने पर माहौल फिर बिगड़ गया। थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी झूमाझटकी हुई।
थाना परिसर में हुए हंगामे के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग टेबल-कुर्सियों पर चढ़कर रिकॉर्डिंग करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिसकर्मियों को स्थिति नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
राजेश चौधरी ने दावा किया है कि पूरी घटना उनके घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने अपने चेहरे और सीने में चोट आने की बात कही है। वहीं दूसरे पक्ष के युवकों ने भी मारपीट में घायल होने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। दीपक पासी की शिकायत पर मारपीट और गाली-गलौज की धाराएं लगाई गई हैं, जबकि बीजेपी नेता की शिकायत पर युवकों के खिलाफ बलवा की धारा भी जोड़ी गई है। फिलहाल छावनी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
suntimes 