भिलाई में 11 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, ग्राहक का इंतजार करते पुलिस ने दबोचा

आईटीआई मैदान के पास बाइक सहित पकड़ा गया आरोपी, 6 लाख से ज्यादा का माल ज

भिलाई में 11 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, ग्राहक का इंतजार करते पुलिस ने दबोचा

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग-भिलाई में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए खुर्सीपार पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने आईटीआई मैदान के पास एक युवक को 11 किलो से अधिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कथित तौर पर गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रंगेहाथ दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक 19 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक सफेद रंग की बजाज पल्सर एनएस-200 बाइक में गांजा लेकर आईटीआई मैदान के पास खड़ा है और बिक्री की फिराक में है। सूचना मिलते ही खुर्सीपार थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके पर संदिग्ध युवक बाइक के साथ खड़ा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम सन्नी यादव उर्फ सन्नी देवार निवासी देवार मोहल्ला, खुर्सीपार बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद पीले-सफेद रंग के थैले में छोटे-बड़े पैकेटों में गांजा रखा मिला। जांच में कुल 11 किलो 160 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा 1480 रुपए नगद और एक सफेद रंग की बजाज पल्सर एनएस-200 बाइक भी जब्त की। बाइक में आगे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। जब्त गांजा की कीमत करीब 5 लाख 39 हजार रुपए आंकी गई है, जबकि बाइक की अनुमानित कीमत 75 हजार रुपए बताई गई। कुल मिलाकर पुलिस ने 6 लाख 15 हजार 480 रुपए का सामान जब्त किया है।

पूछताछ के दौरान आरोपी गांजा रखने या उसकी बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज अथवा लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 27(ए) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।