शांति नगर-चंद्र नगर में पाइपलाइन विस्तार से पहुंचा पानी, टैंकर निर्भरता खत्म करने की तैयारी

सड़क नंबर-26 तक शुरू हुई जलापूर्ति, वर्षों से पानी संकट झेल रहे परिवारों को मिली राहत

शांति नगर-चंद्र नगर में पाइपलाइन विस्तार से पहुंचा पानी, टैंकर निर्भरता खत्म करने की तैयारी

शांति नगर और चंद्र नगर में पाइपलाइन विस्तारीकरण का कार्य तेजी से जारी है। नई पाइपलाइन जोड़ने और टेस्टिंग के बाद अब उन इलाकों तक भी पानी पहुंचना शुरू हो गया है, जहां वर्षों से नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही थी। स्थानीय लोगों ने पहली बार नल में पानी आने पर खुशी जताई है।

भिलाई। शांति नगर और चंद्र नगर क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को दूर करने के लिए पाइपलाइन विस्तारीकरण का कार्य लगातार जारी है। सड़क नंबर-10 और सड़क नंबर-26 क्षेत्र में पाइपलाइन जोड़ने और टेस्टिंग का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है, ताकि हर घर तक नियमित पानी पहुंचाया जा सके।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और तकनीकी टीम की निगरानी में बुधवार को पूरे दिन शांति नगर चौक, शिव दुर्गा मंदिर और हनुमान मंदिर के सामने पाइपलाइन कनेक्शन का कार्य चलता रहा। अधिकारियों के अनुसार यह विस्तार कार्य विशेष रूप से उन सड़कों के लिए किया जा रहा है, जहां अब तक जलापूर्ति नहीं पहुंच पाई थी।

गुरुवार सुबह सड़क नंबर-26 के रहवासियों की ओर से पहली बार नल में पानी आने की सूचना मिली। क्षेत्र के मनोहर और अनिल कोठारी ने बताया कि उनके घरों में सालभर टैंकर से पानी मंगाना पड़ता था, क्योंकि सरकारी नल में पानी नहीं आता था। अब पाइपलाइन से पानी मिलने के बाद लोगों को बड़ी राहत महसूस हो रही है।

रहवासियों का कहना है कि जिन घरों में पहले एक बूंद पानी नहीं पहुंचता था, वहां अब नियमित जलापूर्ति की उम्मीद जगी है। पाइपलाइन की टेस्टिंग और कनेक्शन जोड़ने का काम लगातार जारी है और आने वाले दिनों में शांति नगर तथा चंद्र नगर की सभी सड़कों तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

जलापूर्ति से जुड़े जिम्मेदार लोगों ने कहा कि क्षेत्र को टैंकर मुक्त बनाने के संकल्प के साथ कार्य किया जा रहा है। पाइपलाइन जहां-जहां बिछ चुकी है, वहां प्रत्येक घर तक पानी पहुंचाने के लिए पूरी गंभीरता और लगातार निगरानी के साथ काम किया जा रहा है।