शादी के बाद धर्म बदलने का दबाव बनाने का आरोप, विरोध पर पति-सास-ससुर ने पीटा

तेलीबांधा थाने पहुंची 26 वर्षीय महिला ने सुनाई आपबीती, खाने के दौरान विवाद के बाद मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत

शादी के बाद धर्म बदलने का दबाव बनाने का आरोप, विरोध पर पति-सास-ससुर ने पीटा

रायपुर। धर्म परिवर्तन को लेकर राजधानी में पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। तेलीबांधा क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति, सास और ससुर पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, 27 सितंबर की रात भोजन के दौरान धर्म बदलने की बात दोबारा उठाई गई। उसके इनकार करने पर तीनों ने कथित रूप से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तेलीबांधा थाना क्षेत्र के सतनामी पारा में रहने वाली तन्नू पटेल (26) ने अपने पति विनीत सुता, सास निवेदिता और ससुर अजय सुता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि वर्ष 2023 में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह होने के बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी। आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष के लोग उस पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव डालते थे।

महिला के मुताबिक, 27 सितंबर की रात करीब 8 बजे परिवार के सदस्य भोजन कर रहे थे। इसी दौरान धर्म परिवर्तन को लेकर फिर बातचीत शुरू हुई। उसने धर्म बदलने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पति और सास-ससुर ने मिलकर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। पीड़िता ने तीनों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

ससुराल पक्ष पर शादी के उद्देश्य को लेकर आरोप

शिकायत में महिला ने बताया कि ससुर अजय सुता ने कथित तौर पर कहा कि बेटे की शादी उससे धर्म परिवर्तन कराने के उद्देश्य से कराई गई थी। महिला का दावा है कि इस दौरान पति और सास उसकी बात पर हंस रहे थे। धर्म परिवर्तन से इनकार करने के बाद उसके साथ दुर्व्यवहार और धमकी देने की बात भी शिकायत में दर्ज कराई गई है।

परिचितों को जानकारी देकर पहुंची थाने

महिला ने घटना के बाद अपने भाई ललित पटेल, बड़ी बहन संगीता पटेल और परिचित भूषण साहू व योगेश सैनी को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद वह बजरंग दल के सदस्यों के साथ तेलीबांधा थाने पहुंची। यहां उसने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों को हिरासत में लेने की जानकारी भी दी गई है। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।