स्पर्श कॉरपोरेट कप सीज़न-01 रोमांच पर, कल होंगे क्वालीफ़ायर और ग्रैंड फ़ाइनल मुकाबले
16 टीमों की जोरदार टक्कर, खेल भावना और उत्साह के बीच कल तय होगी विजेता टीम
स्पर्श मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल द्वारा आयोजित चार दिवसीय स्पर्श कॉरपोरेट कप सीज़न-01 टेनिस बॉल बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। लीग चरण के रोमांचक मुकाबलों के बाद अब टूर्नामेंट की टॉप 4 टीमें खिताबी जंग के लिए तैयार हैं।
भिलाई। खेल और उत्साह के शानदार संगम के बीच स्पर्श मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल द्वारा आयोजित चार दिवसीय स्पर्श कॉरपोरेट कप सीज़न-01 टेनिस बॉल बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट शनिवार को अपने तीसरे दिन के मुकाबलों के साथ और अधिक रोचक हो उठा। पूरे जोश और प्रतिस्पर्धा से भरे लीग मैचों के बाद अब टूर्नामेंट फाइनल चरण में प्रवेश कर चुका है।
इस रोमांचक क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया, जिनमें से शीर्ष चार टीमें कल रविवार को दोपहर 3 बजे से क्वालीफ़ायर में भिड़ेंगी। विजेता टीमों को कल ही रात 9 बजे होने वाले ग्रैंड फ़ाइनल में उतरने का मौका मिलेगा, जहां सीज़न-01 की चैंपियन टीम का फैसला होगा।
टूर्नामेंट में दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के गणमान्य अधिकारी और नागरिक लगातार मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। उनकी उपस्थिति से मैदान में खेल भावना और जोश का वातावरण और भी प्रखर हुआ है।
स्पर्श अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. संजय गोयल ने टूर्नामेंट की सफलता के लिए सभी प्रतिभागी टीमों और सहयोगी नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आशा जताई कि निर्णायक मुकाबलों में भी दर्शक और अधिकारी उसी जोश के साथ उपस्थिति दर्ज करेंगे।
यह टूर्नामेंट न सिर्फ़ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि कॉरपोरेट जगत में खेल भावना और एकजुटता की मिसाल भी पेश कर रहा है।
suntimes 