हिमालय कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में युवक ने लगाई फांसी, आईफोन खरीदने के बाद आया था कॉल

20 वर्षीय निहाल सिंह का सार्वजनिक शौचालय में मिला शव, फोन पर बातचीत के बाद दुकान से चला गया था युवक

हिमालय कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में युवक ने लगाई फांसी, आईफोन खरीदने के बाद आया था कॉल

भिलाई। शहर के आकाशगंगा क्षेत्र स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स में शनिवार शाम एक युवक की आत्महत्या से हड़कंप मच गया। कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में बने सार्वजनिक शौचालय में युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान निहाल सिंह (20) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, निहाल शनिवार को हिमालय कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान में आईफोन खरीदने पहुंचा था। उसने किश्तों पर मोबाइल लेने के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी कराई। दुकान संचालक के मुताबिक, खरीदारी के दौरान ही युवक के मोबाइल पर किसी का कॉल आया था। बातचीत करने के बाद वह कुछ असहज और परेशान दिखाई दिया। इसके बाद वह दुकान से नीचे चला गया।

कुछ देर बाद कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट स्थित सार्वजनिक शौचालय में युवक के फांसी लगाने की खबर सामने आई। उसने शौचालय की खिड़की से गमछा बांधकर फंदा बनाया था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर सुपेला पुलिस भी पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया। बाद में शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया।

आत्महत्या के कारणों का नहीं चला पता

निहाल ने किन कारणों से आत्मघाती कदम उठाया, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मोबाइल दुकान संचालक ने फोन पर हुई बातचीत का जिक्र किया है। प्रारंभिक जानकारी में सोशल मीडिया से जुड़े किसी व्यक्ति से बातचीत होने की बात सामने आई है, लेकिन इसका घटना से कोई संबंध है या नहीं, यह जांच का विषय है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों सहित अन्य संबंधित लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।