BSP में सभी यूनियन एकजुट होकर कर रहे विरोध, कहा- मानसिक रूप से परेशान करने की चाल है
बायोमैट्रिक अटेंडेंस के खिलाफ यूनियन का हल्ला-बोल

भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन एक जुलाई से प्लांट के अंदर बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू कर रहा है। इसके विरोध में शनिवार को BSP की कई यूनियनों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि अगर प्रबंधन उनकी बात नहीं मानता है तो इसका असर प्लांट में देखने को मिलेगा।
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए चेहरा पहचान बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली (Face Recognation Biometric Attendance System) अनिवार्य कर दिया गया है। इसे भिलाई स्टील प्लांट में भी 1 जुलाई से सख्ती से लागू कर दिया जाएगा।
इसके लिए बीएसपी के 13 हजार से अधिक कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया है। इसके साथ ही करीब 15 हजार कर्मियों में से 13 हजार लोग अपनी सहमति शुक्रवार शाम तक प्रबंधन को दे चुके हैं। ठेका मजदूरों की बात की जाए तो 25 हजार में से 24 हजार श्रमिकों का भी रजिस्ट्रेशन कराया जा चुका है।
वहीं ठीक इसके खिलाफ खिलाफ संयुक्त यूनियन ने शनिवार सुबह बोरिया गेट पर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में BMS, CITU, HMS, INTUC, एटक, इस्पात श्रमिक मंच, लोइमू, स्टील वर्कर्स जैसे यूनियन शामिल रहे। सभी यूनियन के सदस्यों और पदाधिकारियों ने अपने हाथों में झंडा लेकर बोरिया गेट पर सुबह से ही घेराबंदी कर दी। इसमें यूनियन के पूरे पदाधिकारी शामिल रहे।
प्रदर्शन के दौरान बीएमएस से चन्ना केशवलू, वशिष्ठ वर्मा, प्रदीप पाल, दिल्ली राव, सनी इप्पन, इंटक से वंश बहादुर सिंह, संजय साहू, पीवी राव, रेशम राठौर, सीटू से जगन्नाथ प्रसाद त्रिवेदी, डीवीएस रेड्डी, टी जोगा राव, अशोक खातरकर, एचएमएस से प्रमोद मिश्र, एटक से विनोद कुमार सोनी, इस्पात श्रमिक मंच से राजेश अग्रवाल, शेख महमूद, लोइमू से राजेंद्र परगनिहा, सुरेंद्र मोहंती आदि मौजूद रहे।
इस प्रदर्शन को लेकर सभी यूनियन ने ये कहा था कि बायो मैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम से बीएसपी कर्मचारियों में काफी रोष है। यूनियन उनकी मांग को उठा रही है। बोरिया गेट में प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में BSP के कर्मचारी मौजूद रहेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बड़ी संख्या में बीएसपी कर्मचारी सड़क पर न उतर कर अपनी ड्यूटी पर गए।
यूनियन के साथ उनके सौ-सवा सौ पदाधिकारी और कुछ कर्मचारी ही बोरिया गेट पर नजर आए। वहीं आधे से अधिक कर्मचारियों और अधिकारियों ने तो अपना रजिस्ट्रेशन भी करा लिया है। यह आंकड़ा बता रहे है कि BSP प्रबंधन के आदेश पर कर्मचारियों ने बायोमेट्रिक को स्वीकार करने का मन बना लिया है।