CG में 5 दिन में पांच सभा लेंगे राहुल गांधी:536 किलोमीटर की होगी भारत जोड़ो यात्रा.....

CG में 5 दिन में पांच सभा लेंगे राहुल गांधी:536 किलोमीटर की होगी भारत जोड़ो यात्रा.....

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ में पांच दिन में 536 किलोमीटर पैदल चलेंगे और पांच सभाएं करेंगे। इस दौरान मुख्य रूप से लोकसभा चुनाव की तैयारियों और कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाया जाएगा। भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज पिछले 3 दिनों से बिलासपुर संभाग के दौरे पर हैं। गुरुवार की सुबह दीपक बैज कांग्रेस भवन में इसके लिए रणनीति बनाएंगे और तैयारी को लेकर कांग्रेसियों से चर्चा करेंगे। 

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी बिलासपुर संभाग के रायगढ़, सक्ती, जांजगीर-चांपा, कोरबा में पदयात्रा कर चुनावी सभा लेंगे। इस दौरान वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिलकर चर्चा भी करेंगे। उनके छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज 23 जनवरी से रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिले के दौरे पर हैं।

बुधवार रात बिलासपुर पहुंचे दीपक बैज

बुधवार की रात दीपक बैज बिलासपुर पहुंचे, जहां सर्किट हाउस में कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। यहां रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार की सुबह वो कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इसमें लोकसभा प्रभारी पीयूष कोसरे, शहर प्रभारी अजय अग्रवाल और विधानसभा प्रभारी आत्मजीत मक्कड़ भी उपस्थित रहेंगे।  कांग्रेस नेताओं ने बताया कि बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और सांसद दीपक बैज गुरुवार को सुबह 10.30 बजे कांग्रेस भवन में जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। इसमें लोकसभा चुनाव और सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारी पर चर्चा की जाएगी।

कोरबा के बाद जाएंगे सरगुजा

राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में 5 दिन तक रहेंगे और रायगढ़, सक्ती, जांजगीर-चांपा, कोरबा लोकसभा में पदयात्रा कर सभाएं लेंगे। इसके बाद सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में यात्रा करेंगे, जहां सभा कर आम जनों से मिलेंगे।

बैठक में उपस्थित रहने की अपील

शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने सभी कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि दोनों मुद्दे बहुत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए 25 जनवरी को आयोजित बैठक में सभी कांग्रेस नेता जरूर शामिल हों। प्रदेश पदाधिकारी, एआइसीसी सदस्य, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, निर्वाचित जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत, जनपद नगर पंचायत के अध्यक्ष, सदस्य, नगर पालिका के अध्यक्ष, सदस्य, नेता प्रतिपक्ष, नगर निगम सभापति, पूर्व मंडल, निगम, आयोग, बोर्ड, अपेक्स बैंक, सहकारी बैंक, अरपा प्राधिकरण, मंडी के अध्यक्ष, सदस्य, ज़िला कार्यकारिणी, शहरकार्यकारिणी के पदाधिकारी, सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, पार्षद दल, पूर्व एल्डरमैन, एनएसयूआई, आईटी सेल-इंटरनेट मीडिया सहित सभी विभाग, मोर्चा, प्रकोष्ठ और अनुषांगिक संगठन के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसजन, कार्यकर्ता शामिल होंगे।

बैठक से एक दिन पहले बुधवार की शाम पीसीसी चीफ दीपक बैज शहर पहुंचे। उनके बिलासपुर आने पर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी शहर अध्यक्ष विजय पांडेय, पूर्व विधायक शैलेष पांडेय, मेयर रामशरण यादव, महेंद्र गंगोत्री, समीर अहमद, सुभाष ठाकुर, नाजिम खान, अरविंद शुक्ला सहित अन्य कांग्रेस नेता उनसे मिलने के लिए पहुंचे। नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का जोरदार स्वागत किया।