RPF की कार्रवाई से खुली पुराने केसों की फाइल, दो आरोपी गिरफ्तार
सऊदी में 16 साल से रह रहा था 2007 के केस का आरोपी; परिवार से संपर्क के बाद भारत आया, दुर्ग में किया आत्मसमर्पण
दुर्ग RPF के पुराने वारंटियों की तलाश अभियान में दो बड़ी गिरफ्तारियां हुई हैं। 2007 के रेलवे संपत्ति मामले में लंबे समय से फरार आरोपी सऊदी अरब में रह रहा था। RPF ने परिवार के जरिए उससे संपर्क कर कानूनी कार्रवाई में शामिल होने के लिए समझाया, जिसके बाद वह भारत लौटा और दुर्ग में सरेंडर कर दिया। दूसरे आरोपी को 11 साल पुराने रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में ओडिशा से गिरफ्तार किया गया है।
दुर्ग-भिलाई। RPF दुर्ग की टीम ने पुराने रेलवे मामलों में जारी गिरफ्तारी वारंटों की तामील के लिए अभियान तेज किया है। इसी कड़ी में 19 साल पुराने मामले के आरोपी समीम खान को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ विशेष रेलवे न्यायालय रायपुर में रेलवे संपत्ति अवैध कब्जा अधिनियम की धारा 3(अ) के तहत मामला दर्ज था।
मामला वर्ष 2007 का है। भिलाई के वीर नारायण नगर निवासी समीम खान के खिलाफ 2012 में स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। RPF उसकी तलाश में उसके स्थायी पते निजामपुर, सिवान, बिहार पहुंची।
पूछताछ में विदेश में रहने की जानकारी
परिवार से पूछताछ के दौरान RPF को पता चला कि समीम खान वर्ष 2010 से सऊदी अरब में रहकर काम कर रहा है। इसके बाद टीम ने आरोपी और उसके परिजनों से संपर्क साधा। उसे भारत लौटकर न्यायिक प्रक्रिया में शामिल होने के लिए समझाया गया।
RPF की पहल के बाद आरोपी भारत लौटा और दुर्ग RPF पोस्ट पहुंचकर सरेंडर किया। दस्तावेजों का सत्यापन और पहचान की पुष्टि करने के बाद उसे नियमानुसार विशेष रेलवे न्यायालय रायपुर में पेश किया गया।
11 साल पुराने मामले में ओडिशा से गिरफ्तारी
दूसरी कार्रवाई में RPF ने रेलवे संपत्ति चोरी के करीब 11 साल पुराने मामले में फरार आरोपी को केंदुझर, ओडिशा से पकड़ा। टीम ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर आरोपी का पता लगाया और दबिश देकर गिरफ्तारी की। उसे भी न्यायालय में पेश किया गया।
पुराने वारंटियों पर लगातार कार्रवाई
RPF के मुताबिक वारंट तामील अभियान के तहत पिछले एक साल में करीब 30 फरार आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि जिन मामलों में आरोपी लंबे समय से फरार हैं, उनमें पुराने रिकॉर्ड और स्थानीय स्तर की जानकारी के आधार पर तलाश जारी रखी जाएगी।
suntimes 