जयपुर में CJP टीम से मारपीट, पथराव कर खदेड़ा

बगरू के सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे थे आशुतोष रांका और समर्थक, वाहनों में तोड़फोड़ का आरोप

जयपुर में CJP टीम से मारपीट, पथराव कर खदेड़ा

जयपुर। बगरू क्षेत्र के रामपुरा कंवरपुरा गांव में सरकारी स्कूल के निरीक्षण को लेकर शुक्रवार को विवाद बढ़ गया। CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनके साथ पहुंचे समर्थकों के साथ ग्रामीणों की कथित तौर पर मारपीट हुई। टीम को मौके से खदेड़ने के साथ उनकी गाड़ियों पर पथराव किए जाने का भी आरोप है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

रांका के अनुसार वे शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे समर्थकों के साथ राजकीय प्राथमिक स्कूल रामपुरा कंवरपुरा का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने उनका विरोध शुरू कर दिया और विवाद बढ़ने पर उनके साथ मारपीट की गई। रांका ने आरोप लगाया कि उनकी टीम के वाहनों के शीशे और मोबाइल तोड़े गए। एक महिला समर्थक से मारपीट और उनके कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है। टीम के एक सदस्य के हाथ में फ्रैक्चर होने की बात भी कही गई है।

रांका ने हमले के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर भी आरोप लगाए। उन्होंने हमलावरों की गिरफ्तारी और स्कूल निरीक्षण रोकने के आदेश को वापस लेने की मांग की है। रांका ने मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी देते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।

इससे पहले सुबह करीब 8 बजे CJP के कुछ कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की हुई थी। ग्रामीणों ने कार्यकर्ताओं को गांव से बाहर कर दिया। इसके बाद CJP के विरोध में ग्रामीण सरकारी स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए। मुख्य रास्ते पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर रास्ता घेरने और वहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच करने की भी जानकारी सामने आई है।