दुर्ग में चोरी का बड़ा जाल बेनकाब: निर्माणाधीन मकानों से एल्युमिनियम वायर और सेंट्रिंग प्लेट उड़ाने वाला गिरोह गिरफ्तार, कबाड़ी भी शामिल
दुर्ग जिले में पुलिस ने एक ऐसे चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है जो निर्माणाधीन मकानों और कंपनियों के गोदामों से कीमती मटेरियल चुराकर कबाड़ियों को बेच देता था। गिरोह ने 2 टन एल्युमिनियम वायर और करीब दो सौ सेंट्रिंग प्लेट चोरी कर 65 हजार रुपए में बेच डाली थीं। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, वहीं चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी पर भी कार्रवाई की गई है।
दुर्ग। दुर्ग जिले में लगातार बढ़ रही निर्माण सामग्री की चोरी के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नंदिनी नगर और धमधा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर ऐसे गिरोह को पकड़ा है, जो रात के अंधेरे में निर्माणाधीन मकानों और गोदामों से एल्युमिनियम वायर, सेंट्रिंग प्लेट और लोहे का सामान चुराकर कबाड़ियों को बेच देता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी निलेश कुमार दास (30 वर्ष), राजकुमार नगपुरे (41 वर्ष) और विजय बंडाकर (40 वर्ष) ने 6 अक्टूबर की रात धमधा क्षेत्र के संजय डोगरे के निर्माणाधीन मकान से 192 सेंट्रिंग प्लेट चोरी की थी। पूछताछ में उन्होंने बताया कि ये प्लेटें उन्होंने जामुल निवासी कबाड़ी इस्लामुद्दीन को बेची थीं। पुलिस ने उससे भी चोरी का माल जब्त कर लिया है, जिसकी कीमत लगभग 65 हजार रुपए बताई गई है।
इसी गिरोह ने मुरमुंडा से आमेटी रोड स्थित राजपूताना केबल एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी के गोदाम से 2000 किलोग्राम एल्युमिनियम पावर वायर भी चोरी किया था। कंपनी प्रबंधक की शिकायत पर नंदिनी नगर थाने में मामला दर्ज हुआ था। जांच में सामने आया कि गिरोह ने चोरी का माल बोलेरो और ई-रिक्शा से ढोया था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक बोलेरो, एक ई-रिक्शा और चार मोबाइल फोन समेत करीब 10 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। इस गिरोह में विनोद गुप्ता (53 वर्ष) और खिलेश्वरी मांडले (40 वर्ष) भी शामिल थे। पहले की चोरी के मामलों में सभी आरोपी जेल भेजे जा चुके थे, लेकिन नई चोरी में फिर से इनकी संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस अब गिरोह के बाकी साथियों की तलाश कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में इस तरह की चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। विशेषकर निर्माण स्थलों से सेंट्रिंग प्लेट, पाइप, वायर और अन्य मटेरियल चोरी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
suntimes 