बेटे के साथ घर लौट रही महिला से लूट, 4 आरोपी गिरफ्तार...

दुर्ग. दुर्ग से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिसमें अपने बेटे के साथ घर लौट रही एक महिला से लूटपाट करने का मामला सामने आया है। मामले में भट्टी पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से लूट का सामान भी बरामद कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
दरअसल पूरी घटना सेक्टर-1 के पास की है। सेक्टर 1 की रहने वाली प्रमिला गौर कैंप-2 में पार्षद कार्यालय के पास किराना की दुकान चलाती है। बीती रात वो अपने बेटे प्रतीक के साथ अपनी स्कूटी से घर लौट रही थी। तभी सेक्टर-1 ओवरब्रिज के पास दो बाइक में चार युवक खड़े थे। जैसे ही महिला अपने घर के तरफ मुड़ी, आरोपियों ने सामने बाइक अड़ा दी और महिला से उसका हैंड बैग मांगने लगे। महिला ने हैंड बैग देने से मना किया तो आरोपियों ने अपने पास से चाकू और कटर निकालकर महिला और उसके बेटे को मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने उसका हैंड बैग छीन लिया। इस दौरान महिला ने एक आरोपी की बाइक का नंबर देख लिया था। जिसके आधार पर उसने भट्ठी थाना में शिकायत की। बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने कुम्हारी निवासी राहुल दास, लोकेश सारथी, रोहित मालवीय और सरोना निवासी अजय कुमार यादव को हिरासत में लिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है।