दुर्ग में शुरू हुई 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता: 935 खिलाड़ी उतरे मैदान में, CBSE स्कूल पहली बार बाहर

28 सितंबर तक चलेगा मुकाबला, 5 संभागों के खिलाड़ी होंगे शामिल; ग्रामीण व सरकारी स्कूलों के बच्चों को बड़ा मौका

दुर्ग में शुरू हुई 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता: 935 खिलाड़ी उतरे मैदान में, CBSE स्कूल पहली बार बाहर

छत्तीसगढ़ की 25वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता का आगाज गुरुवार से दुर्ग-भिलाई में हो गया। इस बार प्रतियोगिता में नया मोड़ यह है कि पहली बार CBSE स्कूलों के खिलाड़ी शामिल नहीं होंगे। अब तक लॉन टेनिस, टेबल टेनिस और फेंसिंग जैसे खेलों में CBSE स्कूलों का दबदबा रहा है, लेकिन अब पूरा मौका सरकारी और ग्रामीण स्कूलों के बच्चों को मिल रहा है। कुल 935 खिलाड़ी और 150 ऑफिशियल्स इस आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं।

दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ की 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुवार को दुर्ग-भिलाई में हुआ। यह प्रतियोगिता 25 से 28 सितंबर तक चलेगी, जिसमें रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर और दुर्ग संभाग के 935 खिलाड़ी और 150 अधिकारी शामिल हैं।

इस बार प्रतियोगिता में खास बदलाव देखने को मिला है। पहली बार CBSE स्कूलों के खिलाड़ी इसमें हिस्सा नहीं ले रहे हैं। स्कूल फेडरेशन ऑफ इंडिया ने CBSE को अलग यूनिट की मान्यता दे दी है, जिसके चलते वे स्कूल अब नेशनल स्तर पर अलग यूनिट के तौर पर खेलेंगे। नतीजतन इस बार मुकाबला केवल छत्तीसगढ़ बोर्ड के खिलाड़ियों के बीच होगा।

व्यायाम शिक्षकों का कहना है कि इससे सरकारी और ग्रामीण स्कूलों के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर मिलेगा। अब तक सुविधाओं की कमी के कारण ये खिलाड़ी पिछड़ जाते थे, लेकिन इस बार उन्हें खुद को साबित करने का पूरा मौका है।

प्रतियोगिता में जूडो, नेटबॉल, लॉन टेनिस, फेंसिंग, टेबल टेनिस और ट्रैक साइक्लिंग में मुकाबले होंगे। खेलों का आयोजन विभिन्न मैदानों और स्कूलों में किया जा रहा है, जबकि बारिश के कारण उद्घाटन समारोह को सेक्टर-2 भिलाई विद्यालय के मैदान से बदलकर एसएनजी विद्यालय सेक्टर-4 सभागार में किया गया। उद्घाटन समारोह में दुर्ग सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि रहे, जबकि समापन समारोह में 28 सितंबर को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव मौजूद रहेंगे।