नशे में धुत ट्रक चालक गिरफ्तार, छात्रा की मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई

तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार तीन छात्राओं को मारी टक्कर; एक की मौके पर मौत, दो का इलाज जारी

नशे में धुत ट्रक चालक गिरफ्तार, छात्रा की मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई

दुर्ग-भिलाई।दुर्ग जिले के जामुल क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी सवार तीन नाबालिग छात्राओं को टक्कर मार दी थी, जिसमें एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।

यह हादसा 3 मई की दोपहर नंदिनी रोड पर हुआ था। जानकारी के अनुसार, भिलाई के कैलाश नगर निवासी एक छात्रा अपनी दो सहेलियों के साथ एक्टिवा से जामुल से एसीसी चौक की ओर जा रही थी। तीनों छात्राएं किताब देने के बाद जूस पीने के लिए रुकी थीं और इसके बाद अपनी एक सहेली को घर छोड़ने जा रही थीं।

इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक (CG 07 CA 9607) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों छात्राएं सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में 17 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दो सहेलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जामुल पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू की। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि ट्रक चालक शराब के नशे में था और तेज गति से वाहन चला रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने आरोपी चालक राकेश कुमार पाण्डेय (34), निवासी छावनी क्षेत्र, को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बरती जाएगी।