मधुमक्खियों के हमले से बुजुर्ग मजदूर की मौत, छत्ता गिरते ही मचा हड़कंप
तेज हवा में पेड़ से टूटा छत्ता, साथियों ने भागकर बचाई जान; गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद तोड़ा दम
दुर्ग-भिलाई।दुर्ग जिले के गनियारी स्थित एक सब्जी फार्म हाउस में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां मधुमक्खियों के अचानक हमले में एक बुजुर्ग मजदूर की जान चली गई। घटना के बाद फार्म हाउस में काम कर रहे अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और वे जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए।
फार्म हाउस के मैनेजर भाविक टांक के मुताबिक, सुबह करीब 9:30 बजे वे मौके पर पहुंचे ही थे कि ट्रैक्टर चालक ने मजदूर रमेश भोई पर मधुमक्खियों के हमले की जानकारी दी। बताया गया कि फार्म में लगे एक पेड़ की डाल पर बना मधुमक्खियों का छत्ता तेज हवा के झोंके से टूटकर नीचे गिर गया, जिससे मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और आसपास काम कर रहे मजदूरों पर टूट पड़ीं।
हमले के दौरान वहां मौजूद अन्य मजदूर और चालक किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन 60 वर्षीय रमेश भोई शारीरिक रूप से कमजोर होने के कारण तेजी से नहीं भाग सके और मधुमक्खियों के झुंड का शिकार हो गए। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
साथियों ने रमेश को बचाने के लिए उन पर पानी डालकर और कंबल से ढककर मधुमक्खियों से बचाने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें तत्काल रसमढ़ा के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत बिगड़ने पर दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक रमेश भोई मूलतः ओडिशा के बलांगीर जिले के निवासी थे और अपनी पत्नी अष्टमी भोई के साथ पिछले 12 वर्षों से गनियारी के एक फार्म हाउस में काम कर रहे थे। दंपती की कोई संतान नहीं है।
फिलहाल पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
suntimes 