सुपेला के आकाश गंगा मार्केट में इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भीषण आग, एक घंटे बाद पाया गया काबू

दूसरी मंजिल से उठीं लपटें और धुएं का गुबार, दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत कर बुझाई आग; लाखों के नुकसान की आशंका

दुर्ग-भिलाई।दुर्ग के सुपेला स्थित आकाश गंगा मार्केट में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एवन इलेक्ट्रॉनिक नामक दुकान की दूसरी मंजिल से अचानक आग की तेज लपटें और काले धुएं का गुबार उठने लगा। बाजार क्षेत्र में आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।

दुकान में बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। धुएं का गुबार काफी दूर से नजर आ रहा था, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता था। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इस अग्निकांड में दुकान में रखे महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर पूरी तरह खाक हो गए हैं, जिससे भारी आर्थिक नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल प्रशासन और दमकल विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फायर फाइटर प्रवीण बारा के अनुसार, समय पर कार्रवाई के चलते आग को नियंत्रित कर लिया गया, अन्यथा नुकसान और अधिक बढ़ सकता था।