पीएम मोदी की मौजूदगी में बंगाल में भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण

दिलीप घोष समेत पांच नेताओं को मंत्री पद

पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया अध्याय जुड़ गया है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। कोलकाता में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। सुवेंदु अधिकारी ने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम पर शपथ ली और इसके साथ ही बंगाल में भाजपा की सत्ता का औपचारिक आगाज हो गया।

कोलकाता (ए)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के बीच भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य में पहली भाजपा सरकार की कमान संभाल ली। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आरएन रवि ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

सुवेंदु अधिकारी ने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम पर शपथ ली। शपथ के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास जाकर उनका अभिवादन किया और चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।

मोदी-शाह समेत कई दिग्गज रहे मौजूद

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष और एनडीए शासित राज्यों के करीब 20 मुख्यमंत्री मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर की।

बंगाली कैलेंडर के अनुसार ‘पोचिसे बोइशाख’ के दिन गुरुदेव की 165वीं जयंती मनाई गई। समारोह के दौरान सांस्कृतिक और राजनीतिक उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला।

पांच नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ पांच विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टूडू और निषिथ प्रमाणिक शामिल हैं। सभी मंत्रियों ने बांग्ला भाषा में शपथ ग्रहण की।

दिलीप घोष खड़गपुर सदर सीट से दूसरी बार विधायक बने हैं और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष व महासचिव भी रह चुके हैं। वहीं, अग्निमित्रा पॉल असनसोल दक्षिण सीट से लगातार दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुई हैं।

अशोक कीर्तनिया बनगांव उत्तर सीट से विधायक हैं और मतुआ समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं। खुदीराम टूडू रानीबांध (एसटी) सीट से विधायक बने हैं तथा लंबे समय तक शिक्षक रहने के साथ आदिवासी क्षेत्रों में सक्रिय रहे हैं। निषिथ प्रमाणिक इससे पहले कूचबिहार से सांसद और केंद्र सरकार में राज्य मंत्री रह चुके हैं।

पीएम ने वरिष्ठ कार्यकर्ता का किया सम्मान

समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता 98 वर्षीय माखनलाल सरकार का सम्मान किया। पीएम मंच से उतरकर उनके पास पहुंचे, उन्हें शॉल ओढ़ाया और उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।

माखनलाल सरकार 1952 के कश्मीर आंदोलन के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ तिरंगा फहराने के अभियान में शामिल रहे थे और उस दौरान गिरफ्तार भी किए गए थे।

आध्यात्मिक सोच से राजनीति तक का सफर

1970 में पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोंतली गांव में जन्मे सुवेंदु अधिकारी बचपन से ही आध्यात्मिक प्रवृत्ति के माने जाते रहे हैं। वे नियमित रूप से रामकृष्ण मिशन जाया करते थे और धार्मिक गतिविधियों में गहरी रुचि रखते थे। परिवार को आशंका थी कि वे संन्यास का मार्ग चुन सकते हैं, लेकिन उन्होंने राजनीति को अपना जीवन मार्ग बनाया।

80 के दशक के अंत में कांथी के प्रभात कुमार कॉलेज से छात्र राजनीति की शुरुआत करने वाले सुवेंदु अधिकारी ने धीरे-धीरे पूर्व मेदिनीपुर में अपनी मजबूत राजनीतिक पहचान बनाई और अब राज्य की सत्ता तक पहुंचे हैं।