बारिश होने से तापमान में आई गिरावट..... 26 जून के बाद होगी लगातार बारिश....

दुर्ग। दुर्ग जिले में मानसून ने दस्तक दे दी है। लगातार तीन दिन से शाम को बारिश हो रही है। 19 और 20 जून को तेज बारिश के बाद 21 जून को लगातार कई घंटे तक हल्की बारिश हुई। इससे तापमान धड़ाम से नीचे आ गया है। 22 जून को भी यहां बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 20 जून को दुर्ग जिले में मानसून आने की संभावना है, लेकिन यहां एक दिन पहले 19 जून को ही तेज बारिश के साथ मानसून ने एंट्री कर ली है। जिले में सबसे अधिक अहिरवारा 30.5 मिमी. और उसके बाद भिलाई में 23.2 मिमी बारिश हो चुकी है। पूरे जिले की बात करे तो यहां 21 जून तक 53 मिमी बारिश हो चुकी है, जो एक अच्छी बारिश के संकेत हैं।
मौसम विभाग की माने तो तापमान रायगढ़ कोरबा की तरफ बढ़ गया है। इसलिए अब यहां 23-25 जून तक हल्की बारिश होगी। हवा की गति भी धीमी हो सकती है। मौसम विभाग की माने तो प्रदेश में आने वाले तीन से चार दिन के अंदर मानसून सभी जगह दस्तक दे देगा। यहां दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थियां बनी हुई है।
मनसून अब पेंड्रा, कोरबा, रायगढ़ के साथ साथ बीजापुर और सुकमा जिले की तरफ बढ़ गया है। इसके साथ ही धमतरी, गरियाबंद, राजनांदगांव और दुर्ग जिले में भी मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ने पिछले 48 घंटे में पूरा मध्य छत्तीसगढ़ कवर करने के बाद उत्तरी हिस्से को भी टच कर लिया है। मौसम विभाग ने 6 जिलों गरियाबंद, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, कोंडागांव, कांकेर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश से जिले में तापमान काफी कम हुआ है। रात के समय बारिश के चलते तापमान में इतनी गिरवाट आ जा रही है कि सुबह सुबह ठंड का अहसास होने लग जाता है। जहां लोग लाइट जाते ही गर्मी से बेहाल हो जा रहे थे उससे भी पूरी तरह से राहत मिली है।