ब्रेकिंग : 24 घंटे में सुलझा अंधे कत्ल का मामला: प्रेम संबंधों में शादी के दबाव से परेशान प्रेमी ने की महिला की हत्या

मृतिका चिंया और आरोपी के बीच था वर्षों पुराना प्रेम संबंध

  • महिला कर रही थी शादी के लिए दबाव, विवाद के बाद गला दबाकर हत्या
  • तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपी को अहिवारा से किया गिरफ्तार

दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि मृतका कुंवरिया बाई उर्फ चिंया का एक व्यक्ति से प्रेम संबंध था, जो पिछले कुछ समय से शादी को लेकर विवाद का कारण बन गया था। आरोपी ने विवाद के बाद महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दुर्ग। नंदिनी नगर के टाउनशिप मार्केट की रहने वाली ममता जंघेल ने 13 जुलाई 2025 को थाना नंदिनी नगर में सूचना दी कि उसकी परिचित महिला कुंवरिया बाई उर्फ चिंया (45 वर्ष) संदिग्ध अवस्था में मृत मिली है। यह घटना 12 जुलाई की रात 9 बजे से 13 जुलाई की सुबह 8:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू की।

जांच में सामने आया कि मृतका का दीपक कुमार तोडसे (42), निवासी अहिवारा के साथ प्रेम संबंध था। मृतका लगातार दीपक पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे दोनों के बीच तनाव चल रहा था। घटना की रात दीपक मृतका के घर पहुंचा, जहां दोनों में शादी को लेकर तीखा विवाद हुआ। गुस्से में आकर दीपक ने कुंवरिया बाई का गला घोंट दिया और मौके से फरार हो गया। थाना नंदिनी नगर ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 159/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत विवेचना प्रारंभ की।

तकनीकी जांच बनी केस का टर्निंग पॉइंट
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, त्रिनयन ऐप, साइबर साक्ष्य और टावर डंप के माध्यम से आरोपी की तलाश की और अहिवारा, रायपुर रोड से दीपक कुमार तोडसे को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है।