भिलाई में बेखौफ बदमाश: बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला, CCTV फुटेज वायरल
शराब के लिए मांगे थे पैसे, इनकार पर बुजुर्ग को बनाया निशाना… पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की
दुर्ग जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे खुलेआम वारदातों को अंजाम देने से नहीं हिचक रहे। छावनी थाना क्षेत्र के 18 नंबर रोड पर शुक्रवार सुबह एक बुजुर्ग पर चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई और फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
भिलाई । शहर में बढ़ते अपराधों के बीच चाकूबाजों के हौसले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे छावनी थाना क्षेत्र के 18 नंबर रोड पर एक बुजुर्ग सूरज सिंह पर दो अज्ञात युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह स्कूटी सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, सूरज सिंह रोज की तरह सुबह साइकिल से घूमने निकले थे। इसी दौरान स्कूटी पर आए दोनों युवकों ने उन्हें रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। बुजुर्ग ने पैसे देने से मना किया तो युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर धारदार चाकू से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। किसी तरह जान बचाकर सूरज सिंह अपने घर पहुंचे और परिजनों की मदद से पुलिस को सूचना दी।
घटना में घायल सूरज सिंह को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें 15 टांके आए हैं और उनका इलाज जारी है।
भिलाई नगर सीएसपी एवं पुलिस प्रवक्ता सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि वारदात का फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। तिवारी ने कहा कि पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
suntimes 