भिलाई में भक्तिमय संध्या: "एक शाम श्रीराम-खाटूश्याम के नाम"
भोजपुरी सुपरस्टार निरहुआ और प्रसिद्ध भजन गायकों की होगी विशेष प्रस्तुति
भिलाई। भक्ति, संगीत और श्रद्धा के अनुपम संगम के रूप में इस वर्ष भी "एक शाम श्रीराम-खाटूश्याम के नाम" भव्य आयोजन होने जा रहा है। भिलाई कैन डु फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह विशेष कार्यक्रम 31 मार्च को सेक्टर-7 स्कूल ग्राउंड में शाम 7 बजे से शुरू होगा।
फाउंडेशन के अध्यक्ष अतुल पर्वत ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि इस वर्ष का आयोजन पहले से अधिक भव्य और दिव्य होगा। इस आयोजन की विशेषता यह है कि इसमें भोजपुरी सुपरस्टार, लोकप्रिय गायक, अभिनेता एवं पूर्व लोकसभा सांसद दिनेश लाल यादव (निरहुआ) अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
इसके अलावा, भक्तों को भक्ति संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक हेमंत बृजवासी, खाटूश्याम जगत के प्रख्यात भजन गायक प्रमोद त्रिपाठी, बाबा श्याम के लोकप्रिय भजन गायक बजरंग बावरा और छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध भजन गायिका आरू साहू की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुतियों का आनंद मिलेगा।
यह चौथा वर्ष है जब यह भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन संध्या को भव्य बनाने की अपील की है।