भिलाई में विधायक आवास घेरने पहुंचे भाजपा नेता:नारेबाजी के दौरान अचानक लगाने लगे देवेंद जिंदाबाद के नारे, अब वीडियो हो रहा वायरल

जिलाध्यक्ष ने वीडियो को बताया एडिटेड

भिलाई में विधायक आवास घेरने पहुंचे भाजपा नेता:नारेबाजी के दौरान अचानक लगाने लगे देवेंद जिंदाबाद के नारे, अब वीडियो हो रहा वायरल

भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव का निवास घेरने पहुंची भारतीय जनता पार्टी की भिलाई जिला इकाई ने अपनी पार्टी की जमकर छीछालेदर करवा दी। आक्रोश रैली के दौरान भाजपा समर्थकों को कांग्रेस मुर्दाबाद, देवेंद्र यादव मुर्दाबाद के नारे लगाने थे, लेकिन हो उल्टा गया। सभी लोगों ने विधायक देवेंद्र यादव जिंदा बाद के नारे लगा दिए। भले ही ये भूल से हुआ हो, लेकिन इसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है। भाजपा के भिलाई जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया ने कहा वो वीडियो वायरल करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।

भाजपा के भिलाई जिलाध्यक्ष ब्रिजेश बिचपुरिया के नेतृत्व में 18 जुलाई की शाम आक्रोश रैली निकाली गई। यह रैली ग्लोब चौक से होते हुए सेक्टर 6 भिलाई नगर विधायक के आवास तक पहुंची। इस दौरान भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद, कांग्रेस मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। रैली का संचालन कर रहे नेता ने जैसे ही विधायक देवेंद्र यादव बोला तो सभी भाजपाई मुर्दाबाद बोलने की जगह जिंदाबाद के नारे लगा दिए। हालांकि उन्होंने अपनी भूल दूसरे नारे में सुधार ली, लेकिन उन्हीं के पार्टी समर्थक ने गल नारेबाजी का वीडियो बना लिया। अब कुछ सेकेंड का ये वीडियो पूरे शहर में वायरल हो रहा है। यह वीडियो शोसल मीडिया साइट्स में भी खूब ट्रैंड कर रहा है। इस वीडियो को लेकर कांग्रेसी नेता और समर्थक खूब मजे ले रहे हैं।

पानी पीने को लेकर आपस में भिड़े भाजपाई
भाजपाइयों ने अपनी भद्द सिर्फ गलत नारेबाजी से ही नहीं पिटवाई, बल्कि वो पानी पीने को लेकर भी ट्रोल का शिकार हो गए। दरअसल विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा समर्थकों का स्वागत है करके बैनर लगवाया और उनके लिए चाय पानी का स्टॉल लगवाया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ भाजपा समर्थक स्टॉल में पानी और चाय पीने चले गए। यह बात दूसरे नेताओं को इतनी बुरी लगी को वो लोग अपने ही समर्थकों को मारने के लिए दौडा़ने लगे।

जिलाध्यक्ष ने वीडियो को बताया एडिटेड
वायरल हो रहे वीडियो के बारे में पूछने पर भाजपा भिलाई के जिलाध्यक्ष ब्रिजेश बिचपुरिया ने कहा कि नारेबाजी के दौरान केवल एक कार्यकर्ता ने गलत नारेबाजी की थी। उस पर कार्रवाई की जाएगी। सभी लोगों ने गलत नारेबाजी नहीं की है। जो वीडियो वायरल किया जा रहा है वो एडिट करके बनाया गया है। इसमें कांग्रेसी नेताओं की चाल है।
बड़े नेताओं के न आने पर कुछ भी कहने से किया मना
इस आक्रोश रैली में दुर्ग भिलाई से दिग्गज भाजपा नेता सांसद विजय बघेल, सांसद सरोज पाण्डेय, पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय जैसे बड़े नेता शामिल नहीं हुए। इसकी वजह से रैली असफल रही। जिलाध्यक्ष ब्रिजेश बिचपुरिया ने बारे में कहा कि सांसद विजय बघेल प्रदेश अध्यक्ष के साथ किसी जरूरी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रही बात अन्य बड़े नेताओं के न आने की तो इस बारे में वो कुछ भी नहीं कह सकते हैं। ये पार्टी स्तर के लोग समझे और जानेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी रैली में रायपुर और अन्य जगहों से बड़े भाजपा नेता आए थे। रैली पूरी तरह से सफल रही है।


भाजयुमो आज करेगा दुर्ग नगर निगम का घेराव
19 जुलाई को भाजयुमो द्वारा दुर्ग नगर निगम का घेराव किया जा रहा है। दुर्ग युवा मोर्चा से हिमांशु सिंह ने बताया कि उनके नेतृत्व में निगम का घेराव विभिन्न मांगों को लेकर किया जा रहा है। बुधवार को बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता दुर्ग नगर निगम का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका यह घेराव काफी विशाल होगा।