मैत्री कॉलेज भिलाई का सेजस घुघुवा(क) में विशेष सामुदायिक शिविर
रैली, खेलकूद प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों व विद्यार्थियों को दी महत्वपूर्ण सामाजिक संदेशों की जानकारी
पाटन क्षेत्र के ग्राम घुघुवा(क) स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में मैत्री कॉलेज भिलाई द्वारा विशेष सामुदायिक शिविर आयोजित किया गया। दिनभर चले कार्यक्रम में कॉलेज के डी.एड. और बी.एड. विद्यार्थियों ने रैली, नुक्कड़ नाटक और विविध गतिविधियों के माध्यम से नशापान व साइबर फ्रॉड से बचाव का संदेश दिया।
पाटन। ग्राम घुघुवा(क) के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय में रिसाली भिलाई स्थित मैत्री कॉलेज द्वारा विशेष सामुदायिक शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की शुरुआत सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसमें महाविद्यालय के डी.एड. और बी.एड. वर्ग के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सुबह 9 बजे कॉलेज के विद्यार्थियों ने स्कूल के बच्चों, शिक्षकगण और ग्रामवासियों के साथ जनजागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को नशा त्यागने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही कक्षा पहली से बारहवीं तक के छात्रों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
शिविर का मुख्य आकर्षण कॉलेज छात्रों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। नाटक में नशापान के दुष्परिणाम, साइबर फ्रॉड से बचाव और डिजिटल सतर्कता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सारगर्भित संदेश दिए गए। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुरेखा विनोद पाटिल ने विशेष सामुदायिक शिविर की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सेजस घुघुवा क विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति अध्यक्ष थानेश्वर प्रसाद साहू, प्रशांत शर्मा, पूनम शर्मा, सरपंच श्रीमती शैलेंद्री साहू, सेजस प्राचार्य के के पहरी, वरिष्ठ शिक्षक जीवन लाल वर्मा, अंग्रेजी माध्यम के प्रभारी आचार्य राजेश महतो, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ सुरेखा विनोद पाटिल, बी एड विभागाध्यक्ष डॉ प्रभा आर कुरूप, प्राध्यापक डॉ. डी लक्ष्मी, डॉ. अपूर्व शुक्ला, केमलता साहू जी एवं समस्त प्राध्यापक, शिक्षकगण, छात्र छात्रा सहित महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहे।
suntimes 