मोदीजी के जन्मदिवस पर भिलाई में उमड़ा जनसैलाब, 3 हजार से अधिक युवाओं ने किया रक्तदान
सेवा पखवाड़ा के शुभारंभ पर कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों में लगे शिविर, युवतियों ने भी बढ़-चढ़कर किया सहभाग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर रविवार को शुरू हुए सेवा पखवाड़ा अभियान में भिलाई के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित रक्तदान शिविरों में सुबह से शाम तक 3 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन दर्ज हुए, वहीं कई सेंटरों में देर रात तक रक्त संग्रह जारी रहा।
भिलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर रविवार से प्रारंभ सेवा पखवाड़ा अभियान में भिलाई ने एक नई मिसाल कायम की। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग कॉलेजों और संस्थानों में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। हर सेंटर पर सैकड़ों की संख्या में युवक-युवतियां रक्तदान के लिए पहुंचे।
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन और भाजपा भिलाई जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन पूरे दिन विभिन्न शिविरों में घूम-घूमकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते रहे। उन्होंने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और नि:शुल्क हेलमेट भेंट कर यातायात नियमों के पालन का संदेश भी दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष देवांगन ने बताया कि सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ सुबह स्वच्छता अभियान से हुआ। इसके बाद रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। यह पखवाड़ा 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा, जिसमें प्रतिदिन स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण और दिव्यांगजनों की मदद जैसे कार्यक्रम शामिल रहेंगे।
विधायक रिकेश सेन ने जानकारी दी कि रूंगटा कॉलेज R1-R2, एमजे कॉलेज, श्री शंकराचार्य कॉलेज, सूर्या मॉल, होटल अमित इंटरनेशनल, होटल सेंट्रल पार्क, महिला कॉलेज सेक्टर-9 सहित अनेक स्थानों पर रक्तदान केंद्र बनाए गए। उन्होंने बताया कि अब तक 3 हजार से अधिक युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है और कई सेंटरों पर रात तक रक्त संग्रह जारी रहेगा।
श्री सेन ने कहा कि मोदीजी के जन्मदिवस पर किया गया यह रक्तदान समाज सेवा और जनहित का प्रेरक उदाहरण है। युवाओं के उत्साह से न सिर्फ जीवन बचाने का संदेश गया है, बल्कि सामूहिकता और जिम्मेदारी का भी परिचय मिला है।
???? वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर
विधायक सेन ने दावा किया कि गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अब तक 2,800 रक्तदाताओं का रिकॉर्ड दर्ज है। भिलाई में आज जिस तरह 3 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए हैं, उससे संभावना है कि वैशाली नगर में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बने। उन्होंने बताया कि रिकॉर्ड टीम को सभी दस्तावेज और वीडियोग्राफी उपलब्ध कराई जा रही है।
भाजपा नेताओं ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के दौरान प्रदेशभर में स्वास्थ्य शिविरों में विशेषज्ञ डॉक्टर नि:शुल्क परामर्श देंगे और दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही रेलवे स्टेशन, स्कूलों, मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
suntimes 