श्रमिक बच्चों के सपनों को पंख देगी ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ : सीएम साय

14 निजी आवासीय विद्यालयों में 100 बच्चों का निःशुल्क दाखिला, अगले सत्र से 200 विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

श्रमिक बच्चों के सपनों को पंख देगी ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ : सीएम साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर से “अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना” का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को छठवीं से बारहवीं तक श्रेष्ठ निजी आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का मानना है कि यह योजना मजदूर परिवारों के बच्चों को भविष्य में आईएएस, डॉक्टर, इंजीनियर और वकील बनने का सुनहरा अवसर देगी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के निर्माण श्रमिकों के बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव रखने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने “अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना” की शुरुआत की। राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में चयनित बच्चों को सम्मानित कर शुभकामनाएँ दी गईं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि श्रमिक समाज के लिए कठिन परिश्रम करता है, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण अपने बच्चों को उच्च शिक्षा नहीं दिला पाता। इस योजना से मजदूर परिवारों के सपनों को पंख मिलेंगे और उनके बच्चे भी समाज में अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर और वकील बनकर योगदान देंगे। उन्होंने घोषणा की कि इस वर्ष 100 और अगले शैक्षणिक सत्र से 200 बच्चों को योजना का लाभ मिलेगा।

योजना के अंतर्गत प्रदेश के 14 निजी आवासीय विद्यालयों में बच्चों को सीबीएसई और आईसीएसई पाठ्यक्रम के माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी। पूरी पढ़ाई का खर्च श्रम विभाग वहन करेगा।

श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि आज 100 बच्चों का दाखिला निजी विद्यालयों में कराया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की सोच है कि श्रमिक का बच्चा सिर्फ श्रमिक न रहकर अधिकारी बने और देश की सेवा करे। श्रम विभाग बच्चों के लिए निःशुल्क कोचिंग योजना भी चला रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में सामने आएँगे।

इस अवसर पर भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह ने कहा कि राज्य में लगभग 30 लाख से अधिक पंजीकृत श्रमिक हैं। उनके बच्चों के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं है। अब श्रमिक परिवारों को चिंता किए बिना बच्चों को अच्छे विद्यालयों में शिक्षा दिलाने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में श्रम विभाग के सचिव हिम शिखर गुप्ता, संयुक्त सचिव फरिहा आलम, श्रम कल्याण मंडल के सचिव गिरीश रामटेके सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित थे।