संजय तिवारी बने सनातन धर्म गौ रक्षा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, RSS के बिसरा राम यादव ने दी बधाई
नियुक्ति के बाद संजय तिवारी ने वरिष्ठ संघ पदाधिकारी बिसरा राम यादव से मुलाकात कर लिया आशीर्वाद, समाज सेवा और गौ संरक्षण में उनके योगदान को मिला सम्मान
दुर्ग के वरिष्ठ समाजसेवी और एस आर हॉस्पिटल एंड कॉलेज के चेयरमैन संजय तिवारी को सनातन धर्म गौ रक्षा वाहिनी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी संभालते ही उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी बिसरा राम यादव से मुलाकात कर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
भिलाई। एस आर हॉस्पिटल एंड कॉलेज, चिखली दुर्ग के चेयरमैन एवं प्रतिष्ठित समाजसेवी संजय तिवारी को सनातन धर्म परिषद् न्यास की इकाई सनातन धर्म गौ रक्षा वाहिनी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। समाज सेवा, गौ संरक्षण और मानव कल्याण के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और सक्रिय भूमिका को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।
नई भूमिका संभालते ही संजय तिवारी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के पिता बिसरा राम यादव से उनके निवास पर भेंट की। उन्होंने तिवारी को नियुक्ति की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि गौ माता की कृपा और आपकी निष्ठा के कारण आपको यह महत्वपूर्ण दायित्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने अपने संगठनात्मक अनुभव साझा करते हुए तिवारी को प्रेरणा और आशीर्वाद दिया।
गौ सेवा और गौवंश की रक्षा से लेकर सामाजिक कार्यों तक संजय तिवारी की पहचान एक समर्पित सेवक के रूप में रही है। एस आर हॉस्पिटल एंड कॉलेज के माध्यम से वे स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर रहे हैं और शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। इन्हीं जनसेवा कार्यों और उनकी कार्यशैली को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है।
suntimes 