अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर प्रदेश की खुशहाली की कामना — प्रेमप्रकाश पाण्डेय
भिलाई में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने छठ घाट पर की पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं से मिलकर दी पर्व की शुभकामनाएं
भिलाई नगर के सेक्टर-2 स्थित छठ तालाब में सोमवार को छठ महापर्व की छटा देखते ही बनती थी। इसी पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।
भिलाई नगर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय आज सेक्टर-2 स्थित छठ तालाब पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धापूर्वक अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठ मइया से प्रदेश के सभी नागरिकों की सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की प्रार्थना की।
पूजन-अर्चना के पश्चात श्री पाण्डेय ने घाट पर उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट की और सभी को छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व भारतीय संस्कृति का ऐसा अनुपम उत्सव है, जो सूर्य देव की उपासना के माध्यम से प्रकृति, ऊर्जा और जीवन के प्रति आभार प्रकट करने का संदेश देता है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि यह एकमात्र ऐसा पर्व है, जिसमें अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। यह परंपरा हमें सिखाती है कि हर अंत एक नई शुरुआत का प्रतीक होता है। छठ पर्व आस्था, अनुशासन और आत्मशुद्धि का प्रतीक है, जो जीवन में सकारात्मकता और नई ऊर्जा का संचार करता है।
suntimes 