एमडी-एमएस में प्रवेश के लिए दूसरी काउंसिलिंग पूरी, 299 सीटें आवंटित

नई स्वीकृत 97 सीटें भी शामिल, 40 अभ्यर्थियों को मिला पसंदीदा कॉलेज; नर्सिंग के विभिन्न पाठ्यक्रमों की मेरिट सूची भी घोषित

एमडी-एमएस में प्रवेश के लिए दूसरी काउंसिलिंग पूरी, 299 सीटें आवंटित

रायपुर। मेडिकल पीजी में दाखिले के लिए आयोजित दूसरे चरण की काउंसिलिंग में इस बार 299 सीटों का आवंटन किया गया है। इसमें पहले चरण के बाद रिक्त रही सीटों के साथ 97 नई स्वीकृत सीटें भी शामिल की गई हैं। इन सीटों के लिए आरक्षण नियमों के अनुरूप रोस्टर तैयार करने के बाद पंजीयन और कॉलेजों के विकल्प भरने की प्रक्रिया पूरी की गई।

जारी सूची के अनुसार, 40 अभ्यर्थियों को पहले राउंड में मिली सीट की तुलना में बेहतर कॉलेज या पाठ्यक्रम का विकल्प मिला है। इसे सीट अपग्रेडेशन कहा जाता है। इससे अभ्यर्थियों को अपनी प्राथमिकता के अनुसार प्रवेश का बेहतर अवसर मिला है।

25 नवंबर से शुरू होगा दस्तावेजों का सत्यापन

सीट आवंटित होने के बाद अब अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश की अगली प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। सभी चयनित उम्मीदवारों को 25 से 30 नवंबर तक दस्तावेज सत्यापन और स्क्रूटनी करानी होगी। इसी अवधि में प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं भी पूरी करनी होंगी।

पैलिएटिव केयर पाठ्यक्रम को मिली मंजूरी

मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में इस बार पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में पैलिएटिव केयर के नए पाठ्यक्रम को भी स्वीकृति दी गई है। यह पाठ्यक्रम गंभीर और दीर्घकालिक बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की देखभाल से संबंधित चिकित्सा प्रशिक्षण पर केंद्रित है।

दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया समाप्त होने के बाद रिक्त बचने वाली सीटों पर दाखिले के लिए मॉपअप राउंड आयोजित किया जाएगा। इसमें शेष सीटों को भरने का प्रयास किया जाएगा।

नर्सिंग में भी प्रवेश प्रक्रिया ने पकड़ी रफ्तार

नर्सिंग पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए भी मेरिट सूची जारी कर दी गई है। भारतीय नर्सिंग परिषद की ओर से प्रवेश की अंतिम तिथि में विस्तार किए जाने के बाद नए अभ्यर्थियों को पंजीयन का मौका दिया गया था। इसके बाद प्राप्त आवेदनों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की गई।

जारी सूची में बीएससी नर्सिंग के 3,840, पोस्ट बेसिक नर्सिंग के 197 और डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक के तीन अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा एमएससी नर्सिंग के लिए करीब 300 उम्मीदवारों की मेरिट सूची भी जारी की गई है।