घर में सिलेंडर भड़का, फैक्ट्री यूनिट भी आग की चपेट में
मोहन नगर में फायरमैन ने घर के भीतर घुसकर बुझाई आग, अरसनारा की फैक्ट्री में आधी रात दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
दुर्ग। जिले में सोमवार और मंगलवार को आगजनी की दो अलग-अलग घटनाओं ने अफरा-तफरी की स्थिति पैदा कर दी। मोहन नगर क्षेत्र के गिरधारी नगर में घर के भीतर एलपीजी सिलेंडर में आग लग गई, जबकि जामुल थाना क्षेत्र के अरसनारा में आधी रात फैक्ट्री की एक यूनिट आग की चपेट में आ गई। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। समय पर राहत कार्य शुरू होने से दोनों जगह आग को फैलने से रोक लिया गया।
घर के भीतर जल रहा था सिलेंडर
23 नवंबर को गिरधारी नगर में एक मकान के अंदर एलपीजी सिलेंडर में अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। अग्निशमन दल प्रभारी भगवती बंजारे के नेतृत्व में पहुंची टीम ने स्थिति का जायजा लिया और फायरमैन ने जोखिम उठाते हुए घर के भीतर प्रवेश कर जलते सिलेंडर पर पानी की बौछार की। आग बुझने के बाद सिलेंडर को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। आसपास के हिस्से को भी सुरक्षित कर लिया गया।
आधी रात फैक्ट्री यूनिट में उठी लपटें
दूसरी घटना 24 नवंबर की रात करीब 12:27 बजे अरसनारा में हुई। जामुल थाना क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री की यूनिट में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल प्रभारी धनु यादव के नेतृत्व में दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायरमैन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को नियंत्रित कर लिया। इससे फैक्ट्री की अन्य इकाइयों और आसपास के क्षेत्र तक आग पहुंचने का खतरा टल गया।
आग लगने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के अनुसार दोनों घटनाओं में आग लगने के कारणों की जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है। विभाग की टीम ने दोनों स्थानों पर तत्काल कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में टीम आपातकालीन परिस्थितियों में लगातार सेवाएं दे रही है।
suntimes 